दिल्ली सियासत: CM को लेकर सस्पेंस बरकरार, अब तक नाम का एलान न होने पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा, जानें क्या-क्या पूछे सवाल?

- सीएम का नाम नहीं हुआ फाइनल
- देवेंद्र यादव ने बीजेपी कर कसा तंज
- उठाए कई सवाल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासत जारी है। जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक सीएम का एलना नहीं किया है तो वहीं दूसरी ओर इसी को लेकर विपक्ष लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहा है। इस कड़ी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी भाजपा पर तंज कसा है। उनका दावा किया कि बीजेपी का हर तीसरा विधायक सीएम बनने की दावेदारी ठोक रहा है।
मालूम हो कि, 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के नतीजों का एलान हुआ। 27 साल के लंबे इंतजार के बाद भाजपा, दिल्ली की सत्ता हासिल करने में सफल रही। पार्टी ने 70 सीटों में से 28 पर जीत दर्ज की। वहीं, 22 सीटों के साथ आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। कांग्रेस की बात करें तो पार्टी ने एक भी सीट नहीं जीती। कांग्रेस का राजधानी में खाता ही नहीं खुला।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूछे सवाल
देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का नाम फाइनल करने और सरकार गठन के बाद बीजेपी जनता की परेशानियों को खत्म करने में सफल हो पाएगी? क्या बीजेपी वायु और जल प्रदूषण, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार, सड़कों की बदहाल स्थिति, पीने के पानी, सीवर सिस्टम, यमुना की सफाई, कूड़े के पहाड़ों से निजात दिलाने जैसी समस्याओं का समाधान कर पाएगी?
पूर्व सीएम का दावा
आपको बता दें कि, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सीएम पद और मंत्री पद को लेकर बीजेपी के अंदर झगड़ा होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा में मंत्री पद को लकर खींचतान जारी है। वहीं, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने लोगों से धैर्य रखने को कहा। साथ ही उनका कहना है कि दिल्ली वालों ने हमें 5 साल के लिए चुना है। हम अच्छी सरकार बनाएंगे। अनुराग ठाकुर ही नहीं बल्कि सांसद बांसुरी स्वराज ने भी आतिशी मार्लेना के बयान पर अपनी सफाई पेश की थी। उन्होंने कहा था कि हमारे विधायक दल की बैठक में शीर्ष नेतृत्व की सहमति से इस पर फैसला लिया जाएगा। मैं, आपको और दिल्ली की जनता को आश्वस्त करती हूं कि भारतीय जनता पार्टी से जो भी समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेगा, वह निश्चित रूप से यह सुनिश्चित करेगा कि दिल्ली एक विकसित देश की राजधानी बने।
Created On :   15 Feb 2025 9:35 AM IST