दिल्ली सियासत: 'अपने गिरेबान में झांके आतिशी...', आप के सरकार पर चुनावी वादे न निभाने के आरोपों पर रमेश बिधूड़ी का पलटवार

- आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
- चुनावी वादे पूरे न करने का लगाया आरोप
- बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने किया पलटवार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में नई सरकार के गठन को हुए 1 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। इस बीच बुधवार को आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में धरना प्रदर्शन किया। पूर्व सत्ताधारी दल का आरोप है कि सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से वादा किया था कि महिलाओं को हर माह 2500 रुपये दिए जाएंगे। होली के मौके महिलाओं को 500 में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। लेकिन, सरकार ने अपने दोनों में से कोई भी वादे नहीं निभाए।
अब आम आदमी पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन पर बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने पूर्व सीएम आतिशी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। कालकाजी विधानसभा में बीते 10 साल में सड़कें टूटी हुई हैं। पीने के लिए पानी नहीं है। ये लोग पंजाब में वादा करके आए थे कि महिलाओं को सम्मान राशि दी जाएगी। गेस्ट टीचरों को पक्का किया जाएगा। दिल्ली में यमुना नदी को साफ करने वाले थे। लेकिन, इन लोगों ने तो शराब घोटाला किया।
उन्होंने कहा, "आतिशी से मैं कहना चाहता हूं कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। अभी विधायक बने ज्यादा समय नहीं हुआ है। केजरीवाल को दिखाने के लिए यह प्रदर्शन न करें कि वह बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं। दिल्ली की भाजपा सरकार में दिल्ली विकसित होगी। जहां तक महिलाओं को 2,500 रुपये देने की बात है, वह भी दिया जाएगा। दिल्ली का बजट पेश होने के बाद महिलाओं के खाते में सम्मान राशि दी जाएगी।"
बीजेपी ने आगे कहा कि सनातन संस्कृति में होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। जिस तरह हिरण्य कश्यप ने भक्त प्रह्लाद को नष्ट करने के लिए शक्ति और अहंकार का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी, आज केजरीवाल के शासन सहित ऐसी ही ताकतें मौजूद हैं। 'आप-दा' से दिल्ली के लोगों ने मुक्ति पा ली है। अब पीएम मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली को विकसित नगर बनाने और इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Created On :   13 March 2025 1:55 AM IST