Delhi Election Result: 'जब तक वह कांग्रेस में रहेंगे, पार्टी का भला नहीं हो सकता', दिल्ली चुनाव रिजल्ट पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर कसा तंज

जब तक वह कांग्रेस में रहेंगे, पार्टी का भला नहीं हो सकता, दिल्ली चुनाव रिजल्ट पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर कसा तंज
  • दिल्ली चुनाव में तीसरी बार खाता खोलने में असफल रही कांग्रेस
  • आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर कसा तंज
  • इंडिया गठबंधन को बताया बेमेल गठबंधन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम आ चुका है। बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 70 सीटों में से 48 सीटें हासिल कर 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। वहीं, बीते दो चुनावों में 60 से ज्यादा सीटें हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी महज 22 सीटें पर सिमट कर रह गई है। बात करें कांग्रेस की तो पिछले दो विधानसभा चुनाव की तरह पार्टी इस चुनाव में भी अपना खाता नहीं खोल सकी।

'यह पीएम मोदी की जीत'

दिल्ली चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के पूर्व नेता और कल्किपीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इसे पीएम नरेंद्र मोदी की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में हार-जीत का सिलसिला चलता रहता है, लेकिन मौजूदा समय में यह सनातन का दौर है। जो भी सनातन के झंडे को थामकर आगे बढ़ेगा, वही सत्ता के सिंहासन पर विराजमान होगा।

सनातन विरोधियों का साथ देना केजरीवाल को पड़ा महंगा

कल्किपीठाधीश्वर ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने हाल के दिनों में सनातन के विरोधियों का साथ दिया था, जिसका खामियाजा उन्हें चुनाव में भुगतना पड़ा। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, राहुल गांधी और उनके सहयोगी वामपंथी विचारधारा के समर्थक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सभी नेता सनातन संस्कृति के विरोधी हैं और इसे समाप्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने अपने फैसले से स्पष्ट कर दिया है कि वे इस विचारधारा को स्वीकार नहीं करते।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

कांग्रेस को लेकर भी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी कांग्रेस में हैं, तब तक पार्टी का भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को कोई हटा नहीं सकता, लेकिन जब तक वह कांग्रेस में रहेंगे, पार्टी का भला नहीं हो सकता।”

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जब नतीजे उनके पक्ष में आते हैं तो वे लोकतंत्र की जीत बताते हैं, लेकिन जब परिणाम उनके खिलाफ होते हैं तो वे लोकतंत्र के खात्मे की बात करते हैं। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी को पहले यह तय करना चाहिए कि लोकतंत्र ज़िंदा है या मर गया। अगर लोकतंत्र खत्म हो गया है, तो उन्हें संसद से इस्तीफा दे देना चाहिए।'

इंडिया नहीं 'बेमेल गठबंधन'

इसके अलावा, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इंडिया गठबंधन पर भी तंज कसा और इसे “बेमेल गठबंधन” बताया। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की नींव ही कमजोर थी, जिसका टूटना तय था। उन्होंने कहा, “इंडिया गठबंधन की तेरहवीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कर दी और तर्पण अरविंद केजरीवाल ने कर दिया। अब यह पूरी तरह समाप्त हो चुका है।” चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर भी उन्होंने राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता महाराष्ट्र चुनाव से पहले ही वहां चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाने लगे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब उनके पक्ष में फैसला आता है तो लोकतंत्र जिंदा होता है, लेकिन जब उनके खिलाफ नतीजे आते हैं तो वे लोकतंत्र को मृत घोषित कर देते हैं।

Created On :   9 Feb 2025 2:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story