दिल्ली विधानसभा चुनाव रिजल्ट: 'मतदाताओं ने केजरीवाल की झूठी की राजनीति को नकार दिया', बीजेपी की दिल्ली में ऐतिहासिक जीत पर बोले सीएम फडणवीस

मतदाताओं ने केजरीवाल की झूठी की राजनीति को नकार दिया, बीजेपी की दिल्ली में ऐतिहासिक जीत पर बोले सीएम फडणवीस
  • दिल्ली की सत्ता पर बीजेपी 27 साल वापसी
  • महाराष्ट्र सीएम फडणवीस ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई
  • अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए। बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राज्य की 70 विधानसभा सीटों में से 48 पर कब्जा जमाया और प्रचंड जीत दर्ज की। वहीं आम आदमी पार्टी को चुनाव में शर्मनाक हार का मुंह देखना पड़ा। पिछले चुनाव में 62 सीटें जीतने वाली आप केवल 22 सीटों पर सिमट गई। यहां तक कि पार्टी के दो दिग्गज नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया तक चुनाव हार गए। सीएम आतिशी भी मामूली अंतर से ही जीत दर्ज कर सकीं।

भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं केजरीवाल - सीएम देवेंद्र फडणवीस

दिल्ली में बीजेपी को मिली जीत पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिल्ली की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार चुनने के लिए दिल्ली की जनता को मैं बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों पर दिल्ली की जनता ने भरोसा जताया है।

उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल की झूठ की राजनीति को नकार दिया है। भारत में भ्रष्टाचार के खिलाफ चले आंदोलन में केजरीवाल ने अन्ना हजारे का हाथ थामा और अब वह भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं। जनता ने आप को नकारते हुए सुशासन की सरकार को चुना है। डबल इंजन की सरकार दिल्ली में विकास का नया इतिहास रचेगी।

पीएम मोदी ने आप पर बोला हमला

इससे पहले पीएम मोदी ने जीत के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है - आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।

Created On :   9 Feb 2025 12:43 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story