Delhi Politics: चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद यमुना नदी की सफाई हुई शुरु, एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ने बताया कब तक पूरा होगा काम

- दिल्ली चुनाव में जमकर उछला था यमुना की सफाई का मुद्दा
- चुनाव में जीत के बाद बीजेपी ने काम किया शुरु
- तीन साल में काम पूरा होने की रखी डेडलाइन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में संपन्न हुए दिल्ली चुनाव में यमुना नदी की सफाई एक बड़ा मुद्दा था। बीजेपी ने चुनाव में किए यमुना की सफाई के अपने वादे को पूरा करने का काम शुरु कर दिया है। चुनाव में भाजपा की जीत के तुरंत बाद से ही पवित्र नदी यमुना नदी की सफाई प्रारंभ हो गई है। इसी सिलसिले में सोमवार को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी नवीन कुमार चौधरी आईटीओ छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि साल 2027 तक यमुना नदी की सफाई पूरी कर ली जाएगी।
तीन साल में पूरा होगा काम
उन्होंने कहा कि, "यमुना की सफाई को लेकर हाई लेवल कमेटी बनाई गई है। यमुना की सफाई तीन साल में पूरी की जाएगी। दिसंबर 2027 हमारा काम पूरा करने की डेडलाइन है। प्रशासन को पूरा विश्वास है कि हम समय रहते काम पूरा कर लेंगे।" उन्होंने आगे बताया, "यमुना की सफाई के लिए हमें तीन-चार काम करने होंगे। अभी नदी की सफाई में सात बड़ी मशीनें लगी हुई हैं। इनकी मदद से नदी में जितने भी सॉलिड वेस्ट हैं, उनमें कचरा, पूजा के सामान, लकड़ियां, जलकुंभियों को बाहर निकाला जा रहा है। ये काम कुछ सप्ताह और महीनों तक चलेगा। इसी के साथ हमारे जितने भी एसटीपी खराब हैं, उनको ठीक करके और जितने भी नए एसटीपी हैं, उनको 2026 के अंत तक ठीक करने का हमारा लक्ष्य है।"
जनता के बीच फैलाएंगे जागरुकता
उन्होंने कहा, "इसी के साथ जो इंडस्ट्रियल कचरा यमुना में बहकर आता है, उसको रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इंडस्ट्री के केमिकल जो यमुना में बहकर आ रहे हैं, उनको रोकने के लिए उचित प्रबंध किए जाएंगे। इन सभी के साथ जनता के बीच में जागरूकता फैलाने का काम करेंगे।"
बता दें कि हाल ही में दिल्ली चुनाव संपन्न हुए। चुनाव में प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक पार्टियों के बीच यमुना की गंदगी मुद्दा मुख्य था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद अपने चुनावी भाषण में कई बार यमुना नदी की गंदगी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) को घेरते नजर आए थे। चुनाव में जीत के बाद भी पार्टी कार्यालय में दिए अपने भाषण में भी उन्होंने यमुना की गंदगी का जिक्र किया था।
Created On :   18 Feb 2025 1:01 AM IST