बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'पार्टी जो चाहेगी..जितनी चाहेगी..उतनी सीट मिलेगी', महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा बयान

- बिहार चुनाव में कुछ ही महीनों का समय बाकी
- पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
- आला नेताओं का बिहार आना हुआ शुरु
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस चुनाव को लेकर सभी सियासी दलों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। महागठबंधन में शामिल कांग्रेस भी इस सियासी रण को मजबूती से लड़ने का मन बनाए हुए है। इसी के तहत पार्टी के आला नेताओं का बिहार आना शुरु हो गया है। इसी बीच कांग्रेस के बिहार अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने मोतिहारी जिले की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को आपेक्षित सफलता न मिलने पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में यहां (मोतिहारी) से विधानसभा में प्रतिनिधित्व बढ़ना चाहिए।
मजबूती से चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि बीते 15 दिनों के अंदर राहुल गांधी दो बार प्रदेश आ चुके हैं। उनके बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी राज्य का दौरा करने वाले हैं। वहीं, महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जो सीटें चाहती हैं, वह उसे मिलेंगी।
सीएम के बेटे की सियासी एंट्री पर भी बोले
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने की चर्चा को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि अभी तो वे आए ही नहीं हैं, उनकी परीक्षा बाकी है। वैसे उनके आने से महागठबंधन को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। यह लोकतंत्र है और कोई भी राजनीति में आ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से पिछले पांच साल बिहार में सरकार चली है, उससे कोई खुश नहीं है।
बता दें कि बीते दिनों चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा बिहार पहुंची थीं। बिहार कांग्रेस प्रभारी नियुक्त होने का बाद पहली बार बिहार पहुंचे अल्लावरु ने कहा था कि लड़ाई छोटी हो या बड़ी हो, लड़ाई जीतने के लिए लड़ी जानी चाहिए। बिहार में कांग्रेस भी लड़ाई लड़ेगी और न केवल जीतने के लिए लड़ेगी बल्कि जीतेगी भी।
Created On :   23 Feb 2025 2:14 AM IST