दिल्ली सियासत: मुख्यमंत्री चुने जाने पर रेखा गुप्ता को अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने दी बधाई, कल होगा शपथ ग्रहण समारोह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी विधायक दल की बैठक में बुधवार को रेखा गुप्ता को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री चुन लिया गया। अब कल यानी (20 फरवरी) साढ़े बारह बजे वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। मुख्यमंत्री चुने जाने पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी।
गृहमंत्री और रक्षा मंत्री ने दी बधाई
सोशल मीडिया एक्स पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली को दुनिया की शीर्ष राजधानियों में से एक बनाने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया है, आप उस दिशा में समर्पण भाव से कार्य करेंगी। दिल्ली की माताओं-बहनों ने जिन आशाओं और अपेक्षाओं से भाजपा को आशीर्वाद दिया है, मुझे भरोसा है कि आपके नेतृत्व में भाजपा सरकार उसकी पूर्ति के लिए दिन-रात कार्य करेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजनाथ सिंह ने लिखा- दिल्ली में रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और उनके प्रयासों से दिल्ली विकसित भारत की विकसित राजधानी बनेगी, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है।
नितिन गडकरी और सीएम योगी ने भी दी बधाई
नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा- दिल्ली में भाजपा विधायक दल की नेता और मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता के चयन पर उनका हृदय से अभिनंदन। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली प्रगति में देश का अभिमान होगा, यह मुझे विश्वास है।" योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
गौरतलब है कि, 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होने वाला है। रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। बुधवार शाम भाजपा विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। जिस पर सभी विधायकों ने सहमति जताई।
Created On :   19 Feb 2025 9:48 PM IST