दिल्ली से UP पहुंची बयान की आंच: रेखा गुप्ता ने अखिलेश यादव को बताया 'टोंटी चोर', बौखलाए सपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, दिल्ली CM का पुतला फूंकने की कोशिश

रेखा गुप्ता ने अखिलेश यादव को बताया टोंटी चोर, बौखलाए सपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, दिल्ली CM का पुतला फूंकने की कोशिश
  • दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के बयान पर बवाल
  • सपा चीफ अखिलेश यादव को बताया टोंटी चोर
  • यूपी में सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर किया विरोध प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लेकर बयान दिया। इसके बाद इस बयान का असर उत्तरप्रदेश के सियासी गलियारों में देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के नेता दिल्ली सीएम को आड़े हाथों ले रहे हैं। अलीगढ़ में गुरुवार को सपा युवजन सभा ने सीएम रेखा गुप्ता के विरोध में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने रेखा गुप्ता का पुतला जलाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के रहते हए उनकी यह कोशिश नाकाम साबित रही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां भी बरसाई। जबकि, सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गंभीर रूप से चोटिल करने का आरोप लगाया।

रेखा गुप्ता के बयान पर सपा का हमला

विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा समर्थकों ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज और इस्तीफा देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के खिलाफ कार्रवाई करने और वक्फ बिल वापस लेने की अपील की। इस बारे में सपा के महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने कहा कि मौजूदा सरकार लगातार तुच्छ मानसिकता का परिचय दे रही है। यही कारण है मौजूदा सरकार के नेताओं के द्वारा गलत तरह की बयान बाजी की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सपा नेता ने आगे कहा कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ जो बयानबाजी भाजपा के नेताओं के द्वारा की गई है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर उन्होंने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी और संगीत सोम द्वारा प्रोफेसर राम गोपाल पर की गई टिप्पणी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो सपा प्रदेशभर में ज़ोरदार प्रदर्शन करेगी।

भाजपा पर जमकर साधा निशाना

वहीं, सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रंजीत चौधरी ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सरकार के साथ-साथ पुलिस गलत तरह का रवैया अपना रही है। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। मौजूदा समय में भाजपा के तमाम नेताओं सहित दिल्ली की मुख्यमंत्री पर मुकदमा दर्ज करना चाहिए अन्यथा की स्थिति में आगे बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडेय के द्वारा बताया गया समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी के द्वारा देश के राष्ट्रपति के नाम में ज्ञापन दिया है जिसमें समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ की टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई व सहित अन्य मांग की गई है।

Created On :   10 April 2025 6:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story