महाराष्ट्र सियासत: अबू आजमी को विधानसभा से किया सस्पेंड, औरंगजेब की तारीफ करने पर महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई

- अबू आजमी के खिलाफ बड़ा एक्शन
- विधानसभा से किया निलंबित
- हाल ही में की थी औरंगजेब की तारीफ
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी की औरंगजेब वाली टिप्पणी ने राजनीतिक गलियारों में बवाल मचाया हुआ है। इस बीच औरंगजेब की तारीफ करने पर सपा अध्यक्ष के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। उन्हें बुधवार (5 मार्च) को मौजूद विधानसभा सत्र ने सस्पेंड कर दिया गया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज कहा था कि अबू आजमी पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा और उन्हें विधानसभा से निलंबित किया जाएगा।
अबू आजमी ने मांगी थी माफी
महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष आजमी ने मंगलवार (4 मार्च) को अपने बयान को लेकर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उनके शब्दों को तोड़-मरोड़ कर दिखाया गया है। औरंगजेब रहमतुल्लाह अलेह के बारे में मैंने वही कहा है जो इतिहासकारों और लेखकों ने कहा है। मैंने छत्रपति शिवाजी महाराज, संभाजी महाराज या अन्य किसी भी महापुरुषों के बारे में कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है। लेकिन फिर भी मेरी इस बात से कोई आहत हुआ है तो मैं अपने शब्द, अपना स्टेटमेंट वापस लेता हूं।
'इसे बनाया जा रहा राजनीतिक मुद्दा'
उन्होंने आगे कहा कि इस बात को राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है, और इसकी वजह से महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र को बंद करना मैं समझता हूं कि यह महाराष्ट्र की जनता का नुकसान करना है।
कहां से शुरू हुआ विवाद?
औरंगजेब से जुड़ा यह विवाद सोमवार (3 मार्च) को शुरू हुआ था जब अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफों के पुल बांधे थे। उन्होंने कहा था कि- औरंगजेब इंसाफ पसंद बादशाह था। उसके कार्यकाल में ही भारत सोने की चिड़िया बना। मैं औरंगजेब को क्रूर शासक नहीं मानता हूं। औरंगजेब के समय में राजकाज की लड़ाई थी, धर्म की नहीं थी, हिंदू-मुसलमान की लड़ाई नहीं थी। औरंगजेब ने अपने कार्यकाल में कई हिंदू मंदिरों का निर्माण करवाया। औरंगजेब को लेकर गलत इतिहास दिखाया जा रहा है।
Created On : 5 March 2025 7:57 AM