Breaking News: आज की बड़ी खबरें 27 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 27 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव
27 अप्रैल2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 27 April 2025 5:15 PM IST

    भारत ने श्रीलंका को 9 विकेटों से दी मात

    आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के पहले भारत, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच ट्राई सीरीज का आयोजन किया गया है। श्रीलंका की मेजबानी में इस सीरीज की शुरुआत आज यानी रविवार 27 अप्रैल से हुई है। सीरीज का पहला मुकाबला श्रीलंका और भारतीय विमेंस टीम के बीच आर. प्रेमादास स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 9 विकेटों से जीत हासिल की। मुकाबले में श्रीलंका के दिए 148 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने 1 विकेट के नुकसान पर महज 29.4 ओवरों में जीत अपने नाम की।

  • 27 April 2025 4:35 PM IST

    IPL 2025 - 13 ओवरों में MI का स्कोर

    आईपीएल 2025 के 45वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने हैं। मुंबई इंडियंस टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी। बल्लेबाजी के दौरान टीम ने 13 ओवरों में 3 विकेटों के नुकसान पर 122 रन बना लिए हैं। टीम को सलामी बल्लेबाज रायन रिक्लटन ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दम पर अच्छी शुरुआत दिलाई थी। 

  • 27 April 2025 3:55 PM IST

    झारखंड लातेहार में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

    झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत बरियातू थाना क्षेत्र में रविवार को एक बुजुर्ग दंपती का शव उनके घर से बरामद किया गया है। दंपती परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रहते थे। उनकी मौत कैसे हुई, यह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है।

  • 27 April 2025 3:33 PM IST

    पाकिस्तानी नागरिकों को तुरंत देश छोड़ देना चाहिए, पनाह देने वालों पर भी होगी कार्रवाई एकनाथ शिंदे

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के आदेश और महाराष्ट्र पुलिस पर विधायक संजय गायकवाड़ के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी। उपमुख्यमंत्री का कहना है कि पाकिस्तानी नागरिकों को तुरंत देश छोड़ देना चाहिए। यदि कोई पाक नागरिकों को पनाह देगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

  • 27 April 2025 3:25 PM IST

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने पीएम मोदी के कार्यक्रम पर दी प्रतिक्रिया

    भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर कहा, "आज का एपिसोड बहुत खास था क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के बाद देश के लोगों की हिम्मत भी बांधी, हमें सांत्वना भी दी और विश्वास दिलाया कि एक-एक पीड़ित को इंसाफ जरूर मिलेगा। इस आतंकी हमले के बाद विश्व के सभी बड़े नेता भारत के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। आज भारत एक विश्व मित्र की भूमिका निभा रहा हैं। भारत का स्पेस सेक्टर विश्व में सबसे लागत प्रभावी और सफल है। अब पीएम मोदी ने भारत के स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए भी खोल दिया है। इससे भारत के युवाओं को बहुत लाभ होगा क्योंकि भारतीय स्टार्टअप्स इस क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है।'

  • 27 April 2025 3:16 PM IST

    सीएम रेखा गुप्ता ने आईजीएल पाइपलाइन को लेकर दिया बयान

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईजीएल पाइपलाइन के अलावा अन्य मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, "सरकार दिल्ली देहात के लिए लगातार काम कर रही है। हमने अपने फंड में भी 1200 करोड़ रुपए विशेष रूप से दिल्ली देहात के विकास के लिए रखे हैं। यहां के विकास के लिए काम किया जा रहा है। हमने 110 गांवों को IGL पाइपलाइन से जोड़ा है।"

  • 27 April 2025 3:11 PM IST

    मुंबई के भिंडवी में स्थित प्लाईवुड गोदाम में लगी आग, जान-माल के खतरे की आधिकारिक जानकारी बाकी

    भिवंडी स्थित प्लाईवुड गोदाम में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। रोहिणी क्षेत्र के सेक्टर 17 में श्री निकेतन अपार्टमेंट के पास झुग्गी से आग लगने की सूचना मिली। कुल 20 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। जान-माल के खतरे की आधिकारिक जानकारी बाकी है। 

  • 27 April 2025 3:01 PM IST

    पाकिस्तान को लेकर हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज का बयान आया सामने

    पाकिस्तान को लेकर हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर कहा, "प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से आम जन की भावनाओं को छूते हैं। इस समय सारा देश कश्मीर की घटना को लेकर उद्वेलित है। उस पर भी उन्होंने अपार दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से रखा कि जिनके साथ यह हुआ है उन्हें इंसाफ जरूर दिलाया जाएगा और यदि पीएम मोदी ने कहा है तो ऐसा जरूर होगा।"

  • 27 April 2025 2:55 PM IST

    शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे के निरिक्षण पर सीएम योगी का बयान

    शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "यह देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक है। गंगा एक्सप्रेसवे का पूरा काम नवंबर तक पूरा होना है। यह किसी भी लड़ाकू या व्यावसायिक विमान लैंडिंग की क्षमता रखता है।"

  • 27 April 2025 2:41 PM IST

    केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पीएम मोदी के कार्यक्रम पर दिया बयान

    केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर कहा, "मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग प्रांतों, गांवों, शहरों में, अलग-अलग प्रदेशवासियों द्वारा कड़ी मेहनत के बाद जो कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं, देशवासियों को उससे अवगत करवाया है। यह सभी के लिए सीखने का बहुत बड़ा मौका है। प्रधानमंत्री ने जो कार्यक्रम की शुरूआत की है, इसके जरिए देशवासियों को अपने जीवन में देश के लिए समर्पित भावनाओं से काम करने का हौसला मिलता है।"

Created On :   27 April 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story