Breaking News: आज की बड़ी खबरें 13 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 14 April 2025 1:06 AM IST
मैच के दौरान MI और DC के खिलाड़ियों के बीच हुई नोकझोंक
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले गए आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 12 रनों से शानदार जीत हासिल की। लेकिन दोनो टीमों के बीच खेले गए इस मैच में एक ऐसी घटना घटी जिसकी वजह से कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया था। दरअसल, मुकाबले के दूसरी पारी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज करुण नायर और मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बीच तीखी नोकझोक हो गई थी। दोनो खिलाड़ियों के बीच हुई इस तनातनी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
- 14 April 2025 12:40 AM IST
मधुबनी में पीएम मोदी की जनसभा को लेकर तैयारी जोरों पर
बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर स्थित विदेश्वर में 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित जनसभा को लेकर एनडीए कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं। इसी कड़ी में रविवार को सीतामढ़ी के रीगा रोड स्थित द्वारका पैलेस में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीए नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता ने भाग लिया।
- 13 April 2025 11:57 PM IST
मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी की घोषणा की
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी की घोषणा की। मायावती ने ट्वीट किया, "मैं अभी स्वस्थ हूं और जब तक स्वस्थ हूं, कांशीराम जी की तरह पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी व मूवमेंट के लिए काम करती रहूंगी। ऐसे में किसी को अपना उत्तराधिकारी बनाने का सवाल ही नहीं उठता। मैं अपने फैसले पर अडिग हूं और अडिग रहूंगी।"
- 13 April 2025 11:50 PM IST
भाजपा नेता अभिजीत गांगुली ने ममता बनर्जी को घेरा
भाजपा नेता अभिजीत गांगुली ने कहा, "शुक्रवार को उन्होंने(ममता बनर्जी) शिक्षा विभाग को लेकर जो घोषणा की, उसे अभी तक अधिसूचित नहीं किया गया है, अधिसूचना के बाद पता चलेगा कि उन्होंने क्या कहा है। कोई नहीं जानता कि उन्होंने विशेष रूप से क्या बोला है।"
- 13 April 2025 11:26 PM IST
IPL 2025 - MI ने 12 रनों से हासिल की जीत
आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 12 रनों से जीत हासिल कर ली है। दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के सामने 206 रनों का टारगेट सेट किया था। मुंबई के दिए इस लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम केवल 193 रनों पर सिमट गई।
- 13 April 2025 11:10 PM IST
केंद्र सरकार के वक्फ कानून के खिलाफ नहीं जा सकती- बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 पर कहा, "कोई भी राज्य सरकार केंद्र सरकार के कानून के खिलाफ नहीं जा सकती। अगर वे ऐसा कह रहे हैं तो संविधान खतरे में है। यह बाबासाहेब के संविधान का अपमान है।"
- 13 April 2025 10:49 PM IST
सद्भावना सम्मेलन में पहुंचे पुष्कर सिंह धामी
हरिद्वार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैसाखी के अवसर पर ऋषिकुल मैदान में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित सद्भावना सम्मेलन में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हमारी सरकार प्रदेश के अंदर एकता, समानता, सामाजिक सौहार्द्र को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है, लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड से निकली समान नागरिक संहिता की गंगा आने वाले समय में देश के हर राज्य को लाभान्वित करने वाली है।"
- 13 April 2025 10:27 PM IST
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में पटाखा निर्माण संयंत्र में विस्फोट पर अधिकारी का बयान
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में एक पटाखा निर्माण संयंत्र में विस्फोट पर, अग्निशमन अधिकारी डी निरंजन रेड्डी ने कहा, "आज दोपहर करीब 1 बजे, हमें एक कॉल आया जिसमें कहा गया कि एक बड़ा विस्फोट हुआ है। हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। 3 दमकल गाड़ियां और 50 कर्मचारी मौके पर पहुंचे। 8 लोगों की मौत हो गई और 7 गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट का कारण मैनुअल त्रुटि प्रतीत होता है।"
- 13 April 2025 10:15 PM IST
पश्चिम बंगाल हिंसा पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी का बयान
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा- डिवीजनल बेंच ने सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए CAPF को पूरी आजादी दी है। ममता बनर्जी के लिए यह शर्म की बात है कि मुर्शिदाबाद के हिंदू लोग अपना घर छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए मालदा जा रहे हैं। यह तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है।
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा- यहां न नौकरी, न स्वास्थ्य, न शिक्षा व्यवस्था है, सिर्फ वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण है। हिंदुओं को प्रताड़ित किया जाता है, हिंदुओं की हत्या की जाती है, हिंदुओं की दुकानें लूटी जाती हैं, हिंदुओं के मंदिर तोड़े जाते हैं और आप कह रहे हैं कि हिंदू भड़का रहे हैं। चुनाव के समय चुनाव आयोग को राष्ट्रपति शासन में चुनाव कराना चाहिए। हम जिहादियों से लड़ने के लिए तैयार हैं। लेकिन बंगाल में बिना राष्ट्रपति शासन के चुनाव नहीं हो सकते। जहां हिंदू 50% से कम हैं, ये लोग उस बूथ पर हिंदुओं को वोट नहीं देने देंगे चुनाव की पूर्व संध्या पर चुनाव आयोग को पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन की मांग करनी चाहिए।
- 13 April 2025 9:21 PM IST
मुंबई ने 20 ओवरों में बनाए 205 रन
मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान के साथ 205 रन बना लिए हैं। अब दिल्ली को जीत के लिए 206 रनों की जरुरत है।
Created On :   13 April 2025 8:00 AM IST