Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 11 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव
11 अप्रैल2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.

Live Updates

  • 11 April 2025 3:45 PM IST

    भारत अपने एआई मिशन को आगे बढ़ा रहा नंदन नीलेकणि

     इंफोसिस के सह-संस्थापक और आधार आर्किटेक्ट नंदन नीलेकणि ने शुक्रवार को कहा कि भारत 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लीडरशिप' की ग्लोबल रेस में पीछे नहीं है। देश अब अपने एआई मिशन को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि 'इंडिया एआई मिशन' पहले से ही चल रहा है और छोटे मॉडलों के साथ आगे बढ़ रहा है, ऐसे मॉडल जिन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है। ‘ग्लोबल टेक्नोलॉजी समिट’ में नंदन नीलेकणि ने कहा, "भारतीयों को यह चिंता नहीं करनी चाहिए कि उन्होंने दूसरे देशों की तरह बड़े एआई मॉडल नहीं डेवलप किए हैं। भारत पहले से प्रगति की राह पर है। अब इसे आगे बढ़ाने के बारे में बातचीत होनी चाहिए।"

  • 11 April 2025 3:35 PM IST

    ग्रेटर नोएडा पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

    ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए घरों में चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की गई 8 एलईडी कंप्यूटर मॉनिटर और 2 कंप्यूटर स्पीकर बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 11 अप्रैल को पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध लोग पुराना सुत्याना वाले पुश्ते के पास चोरी का सामान लेकर मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना इकोटेक-3 पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

  • 11 April 2025 3:30 PM IST

    छत्तीसगढ़ के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट की सीएम विष्णुदेव साय ने रखी आधारशिला

    अब छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से चार्ज करने और 5जी नेटवर्क के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला गैलियम नाइट्राइड सेमीकंडक्टर का निर्माण होगा। छत्तीसगढ़ ने शुक्रवार को तकनीकी विकास की दिशा में एक नया इतिहास रचा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में देश के पहले अल्ट्रा एज टेक्नोलॉजी आधारित गैलियम नाइट्राइड (जीएएन) आधारित सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी।

  • 11 April 2025 3:22 PM IST

    20 ओवर तक विकेटकीपिंग करने से मुझे अपनी पारी को गति देने में मदद मिली केएल राहुल

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी के दौरान विकेट के पीछे रहने से दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल को विकेट के व्यवहार के बारे में जानकारी मिली, जिससे उन्हें गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिलाने में मदद मिली। घर वापसी पर, बेंगलुरु के राहुल ने शानदार नाबाद 93 रन बनाए, उन्होंने लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया और 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की पारी को संभाला। राहुल ने 53 गेंदों की अपनी पारी में छह छक्के और सात चौके लगाए और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 38) के साथ 111 रनों की साझेदारी की, जिससे डीसी को चार मैचों में चौथी जीत दर्ज करने में मदद मिली।

  • 11 April 2025 3:11 PM IST

    सूरत हैपी एक्सलेंसिया सोसाइटी में भीषण आग

    गुजरात के सूरत शहर के वेसु इलाके में शुक्रवार सुबह हैपी एक्सलेंसिया सोसाइटी की एक इमारत में भीषण आग लग गई। आग सुबह 8 बजे आठवीं मंजिल पर शुरू हुई और तेजी से ऊपर की तीन मंजिलों तक फैल गई। यह इमारत गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के घर के पास एक परिसर में है। आग की सूचना मिलते ही हर्ष संघवी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की। फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

  • 11 April 2025 3:05 PM IST

    आरसीबी के खिलाफ विप्रज ने किया था शानदार प्रदर्शन, दिल्ली के कैपिटल्स के लिए बने बहतरीन खोज

    भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने उभरते हुए ऑलराउंडर विप्रज निगम की प्रशंसा की है और उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के लिए "एक बेहतरीन खोज" कहा है, क्योंकि उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पर छह विकेट से जीत दर्ज की। मैच के बाद जियोस्टार पर बोलते हुए आरोन ने निगम के बल्ले और गेंद दोनों से दोहरे प्रभाव और विदेशी सितारों के दबदबे वाले टूर्नामेंट में घरेलू प्रतिभाओं के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला।

  • 11 April 2025 2:52 PM IST

    एमपी में गर्मी ने किया लोगों को परेशान, स्वास्थ्य विभाग ने दी हिदायतें

    मध्य प्रदेश में धूप की तपिश बढ़ने के साथ गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। गर्म हवाओं का भी असर बढ़ने की संभावना के बीच राज्य के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आम लोगों से सतर्क रहने के साथ स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री को पार कर गया। दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर ज्यादा हो जाता है। यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं।

  • 11 April 2025 2:41 PM IST

    एमपी काशी की सौगात के बाद पीएम मोदी पहुंचेंगे आनंदपुर धाम

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर काशीवासियों को 3,900 करोड़ रुपए की 44 परियोजनाओं की सौगात देने के बाद मध्य प्रदेश रवाना होंगे। वह दोपहर करीब 3:15 बजे ईसागढ़ में गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके अलावा, शाम करीब 4:15 बजे वह आनंदपुर धाम में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक सभा को भी संबोधित करेंगे। 

  • 11 April 2025 2:30 PM IST

    125 प्रतिशत टैरिफ लगाने पर शांभवी चौधरी का बयान आया सामने, बताया भारत की आर्थिक और राजनीति जीत

    अमेरिका की ओर से चीन पर लगाए गए 125 प्रतिशत टैरिफ के फैसले को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने आर्थिक और राजनीतिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक जीत नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक जीत भी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह सिर्फ आर्थिक जीत नहीं है, बल्कि एक महत्वपूर्ण राजनीतिक जीत भी है। भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाए रखी है।

  • 11 April 2025 2:14 PM IST

    अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने फिटनेस को बताया जरूरी, मेंटली और फिजिकली रहेंगे एक्टिव

    अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी फिटनेस को काफी महत्वपूर्ण मानती हैं। इसके लिए वह सख्ती के साथ नो-शुगर डाइट को भी फॉलो करती हैं। अभिनेत्री का मानना है कि फिटनेस सिर्फ शरीर से जुड़ा नहीं होता, बल्कि यह एक सोच या विचार भी है। यह मन से जुड़ा होता है। अपनी फिटनेस के बारे में श्वेता ने बताया, "मेरे लिए फिटनेस का मतलब सिर्फ शरीर से संबंधित नहीं है। यह एक मानसिकता है।" अभिनेत्री ने बताया कि वह अपने पति चैतन्य शर्मा उर्फ स्लो चीता और ट्रेनर त्रिदेव को फिटनेस के लिए लगातार प्रोत्साहित करने का श्रेय देती हैं।

Created On :   11 April 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story