Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 10 Feb 2025 3:43 PM IST
'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में क्या बोले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान?
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम पर कहा कि आज परीक्षा पे चर्चा का 8वां संस्करण प्रसारित हुआ। प्रधानमंत्री मोदी सुंदर नर्सरी में बच्चों से एक अभिभावक, मित्र और पिता की तरह मिले और बहुत ही सरल भाषा में उनके सवालों के जवाब दिए। मैं शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। लोग प्रधानमंत्री के 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम का इंतजार करते हैं। प्रधानमंत्री के साथ-साथ 7 बड़े विशेषज्ञों का आगे एक-एक एपिसोड होगा, ये 8 एपिसोड हमारे देश के परीक्षार्थियों के लिए लाभदायक होंगे।
- 10 Feb 2025 3:34 PM IST
दिल्ली चुनाव के नतीजों पर उदय भान की प्रतिक्रिया
दिल्ली चुनाव परिणाम पर हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने कहा कि इसका सिर्फ एक कारण अरविंद केजरीवाल का अहंकार था। उन्होंने घोषणा कर दी कि हम कांग्रेस के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे और सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे। अगर अरविंद केजरीवाल कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ते तो नतीजे कुछ और होते।
- 10 Feb 2025 3:21 PM IST
भारत की संप्रभुता पर आंख उठाने वाले शत्रु का नाश कर देगा ‘त्रिशूल’
सोमवार को बेंगलुरू में ‘एयरो इंडिया 2025’ का आगाज हो गया। यहां विश्व के 26 देशों के रक्षा मंत्रियों के समक्ष भारत के लड़ाकू विमानों ने सोमवार को अपनी क्षमता व शक्ति का जबरदस्त प्रदर्शन किया। ‘एयरो इंडिया 2025’ के दौरान एयर शो आयोजित किया गया। एयर शो में तेजस, सुखोई, राफेल व जगुआर जैसे विमानों की गर्जना से बेंगलुरू का आसमान गूंज उठा। भारतीय रक्षा पंक्ति के अग्रणी विमान सुखोई ने यहां बेंगलुरू के महादेव को प्रणाम करते हुए एयर शो में त्रिशूल फॉर्मेशन में उड़ान भरी। तीन सुखोई विमानों ने मिलकर यह फॉर्मेशन बनाया।
- 10 Feb 2025 3:15 PM IST
एयरो इंडिया 2025 रक्षा मंत्री ने बेंगलुरु में एशिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया
कर्नाटक के बेंगलुरु में येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया के 15वें संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण और अग्रणी प्रौद्योगिकियों का संगम 'एयरो इंडिया-2025' आज की अनिश्चितताओं से निपटने के लिए आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी लाभ के आधार पर समान विचारधारा वाले देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
- 10 Feb 2025 3:09 PM IST
मैंने की विकल्पों पर चर्चा- बोलीं प्रियंका गांधी
हाथी हमले के पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात के बाद, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पहले मैं जहां गई थी, वहां मैंने खाई देखी जो बहुत बुरी स्थिति में है और स्थानीय लोगों को इस पर भरोसा नहीं है क्योंकि उन्हें लगता है कि इसकी मरम्मत और खुदाई के बाद भी इसका रखरखाव नहीं किया जाएगा। मैंने विकल्पों पर चर्चा की है और कुछ सुझाव दिए हैं। हम सब मिलकर इस पर काम करेंगे। यहां के लोगों के लिए सुरक्षित महसूस करना और बुनियादी सुविधाएं प्राप्त करना बहुत महत्वपूर्ण है।
- 10 Feb 2025 3:00 PM IST
मोहम्मद यूनुस ने शेख हसीना के समर्थकों के खिलाफ चलाया ऑपरेशन डेविल हंट
बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस ने शेख हसीना के समर्थकों के खिलाफ 'ऑपरेशन डेविल हंट' के नाम से एक अभियान चलाया है।
- 10 Feb 2025 2:55 PM IST
सांसद इंजीनियर राशिद को 2 दिन की हिरासत पैरोल
सांसद इंजीनियर राशिद को संसद सत्र में भाग लेने के लिए 2 दिन की हिरासत पैरोल मिली है।
- 10 Feb 2025 2:51 PM IST
पंजाब के पटियाला में मिले 11 बम
पंजाब के पटियाला के लक्कड़ मंडी के पास खदानों से 11 बम मिले हैं। इनमें से 7 रॉकेट लांचर बम हैं। पुलिस ने बमों को अपने कब्जे में ले लिया है।
- 10 Feb 2025 2:45 PM IST
प्रयागराज में जबरदस्त ट्रैफिक, लोग हुए परेशान
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के चले जबरदस्त ट्रैफिक की स्थिति बन गई है। इसको लेकर उप्र सरकार ने ADG अमिताभ यश को भेजा है।
- 10 Feb 2025 2:40 PM IST
सेंसेक्स में 637 अंकों की गिरावट, निफ्टी भी फिसला
भारतीय शेयर बाजार आज (10 फरवरी 2025, सोमवार) गिरावट के साथ खुला। फिलहाल, सेंसेक्स महज 637.22 अंक यानि कि 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,222.97 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 193.90 अंक यानि कि 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,366.05 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
Created On :   10 Feb 2025 8:00 AM IST