राजनीति: लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए जाएंगे दिल्ली ()

पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। इसके बाद जांच के लिए उन्हें पटना के राजा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में लाया गया। अब उनकी स्थिति में सुधार है और इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के पुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बताया कि कई दिन से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उनके हाथ में जख्म हो गया है। लगातार हम लोग मॉनिटर कर रहे थे। बुधवार को दिल्ली जाना था, तभी पता चला कि ब्लड प्रेशर बहुत लो गया था। दिल्ली एम्स में ले जाने की तैयारी थी। अचानक से ब्लड प्रेशर कम हो जाने के कारण पटना के अस्पताल ले जाया गया।
लालू यादव का ब्लड प्रेशर 88/44 हो गया था। अब उनकी स्थिति में सुधार है। तेजस्वी यादव ने बताया कि बुधवार की शाम लालू यादव को हवाई जहाज से दिल्ली ले जाया जाएगा। वह किडनी, हृदय रोग और डायबिटीज जैसी कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। हाल ही में उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ था। लालू यादव का सिंगापुर में किडनी का ट्रांसप्लांट भी हो चुका है। सिंगापुर में रहने वाली बेटी रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी उन्हें दान दी थी। किडनी ट्रांसप्लांट होने के बाद से ही लालू यादव विशेष सुविधा और निगरानी में रहते हैं। यहां तक कि वह जहां-कहीं भी जाते हैं, अपने विशेष वाहन से ही जाते हैं।
गौरतलब है कि लालू यादव रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली जाते रहे हैं। उनकी तबीयत खराब होने की खबर के बाद राजद के समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On : 2 April 2025 3:04 PM