किसान आंदोलन: पहलवान बजरंग पुनिया ने शंभू बॉर्डर की तुलना पाकिस्तान बॉर्डर से की, आंदोलन से 700 लड़कियां गायब होने के आरोपों का भी दिया जवाब

- केंद्र सरकार पर बरसे बजरंग पुनिया
- पुनिया ने शंभू बॉर्डर की तुलना पाकिस्तान बॉर्डर से की
- 700 लड़कियां गायब होने के आरोपों का भी दिया जवाब
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एमएसपी समेत कई मांगो लेकर किसान शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। शनिवार को दिल्ली कूच कर रहे 101 किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग को हटाने के लिए किसान आगे बढ़े। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान पुलिस की ओर से वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। जिसके चलते कई किसान घायल हो गए।
इसे लेकर पहलवान और कांग्रेस किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग पुनिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कह रही है कि हम किसानों को नहीं रोक रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर वे किसानों पर आंसू गैस और अन्य चीजों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
700 लड़कियां गायब होने पर दिया जवाब
बजरंग पुनिया ने कहा कि शंभू बॉर्डर पर पाकिस्तान बॉर्डर जैसा हाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब नेता विरोध करने के लिए दिल्ली जाते हैं, तो क्या वे अनुमति लेते हैं? किसान केवल अपनी फसलों के लिए एमएसपी चाहते हैं। हम हमेशा किसानों का समर्थन करेंगे।
हाल ही में हरियाणा से बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने विवादास्पद बयान दिया था। उन्होंने कहा कि किसानों जहां धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, वहां से 700 लड़कियां गायब हुई हैं। इस पर बजरंग पुनिया ने कहा कि बीजेपी कह रही है कि 700 लड़कियां गायब हैं, यह बेतुकी बातें हैं। वे कहते हैं कि पंजाब से नशा फैलाया गया, नशा तो गुजरात के पोर्टों में कई-कई लाख करोड़ का मिल रहा है। वहां तो उनकी जुबान नहीं खुलती है।
सरकार सुनने को तैयार नहीं- बजरंग पुनिया
पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि इस तरह का बयान पंजाब-हरियाणा का भाईचारा खराब करने के लिए दिया जा रहा है। हाई कोर्ट ने तो ये भी कहा था कि रास्ते खोले जाने चाहिए। सरकार किसी की सुन ही नहीं रही है। हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे। सरकार आज किसान और जवान को लड़ा रही है। ये बहुत ही दर्भाग्यपूर्ण है। सरकार अगर गारंटी के साथ एमएसपी दे देगी तो सारे झगड़े खत्म हो जाएंगे। किसान घर जाएंगे अपने खेतों में काम करेंगे, लेकिन ये सरकार सिर्फ बोल रही कुछ कर नहीं रही है।
Created On :   14 Dec 2024 3:16 PM IST