ट्रेनिंग प्रोग्राम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बड़ा बयान, अधिकारी गरीबों और वंचितों को ध्यान में रखकर नीति और कार्यक्रम लागू करें

- लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में आयोजिच कार्यक्रम
- 126 वें इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल हुए अधिकारी
- कामकाज में स्थिरता और समावेशिता के सिद्धांतों को रखें ध्यान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अधिकारियों से कहा कि वो गरीबों और वंचितों को ध्यान में रखकर पॉलिसी और प्रोग्राम लागू करें। राष्ट्रपति ने इस खास मौके पर अधिकारियों से प्रशासनिक कार्यान्वयन में एक राष्ट्रीय और समावेशी दृष्टिकोण अपनाने को कहा। उन्होंने आगे कहा नागरिक-केंद्रित प्रशासन लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देता है, गरीबों और वंचितों पर ध्यान केंद्रित करता है।
राष्ट्रपति ने ये सब आज शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में आयोजित 126वें इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत कही। कार्यक्रम में राज्य सिविल सेवा के अधिकारी शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात भी की। राष्ट्रपति ने कहा विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने कामकाज में स्थिरता और समावेशिता के सिद्धांतों को बनाए रखने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने आगे कहा कि शासन का सार लोगों की आवश्यकताओं के प्रति जवाबदेही और संवेदनशीलता में निहित है। उन्होंने कहा जो भी निर्णय ले और जो भी नीतियां लागू करते हैं, वे ऐसी हो जो देश और लोगों के विकास में योगदान दें। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण क्षरण सबसे बड़ी समस्या है। पर्यावरण चुनौतियों से निपटने के लिए पर्यावरण अनुकूल पहलों को बढ़ावा देना जरूरी है।
Created On :   7 March 2025 7:33 PM IST