बर्फ की चादर से ढके पहाड़ी राज्य, पर्यटक हुए उत्साहित, लेकिन नहीं मिलेगी ठंड से राहत!

- कुछ पर्वतीय इलाकों में बारिश भी हुई
डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने अपना रुख बदल दिया। प्रदेशभर में शीतलहर का प्रकोप शुरु हो गया है। पहाड़ों की रानी कहीं जाने वाली मसूरी में मौसम का रुख बदलते ही बर्फबारी होने लगी, जिसे देख पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। ऊँची पहाड़ियों पर बर्फबारी होने के बाद अब मसूरी में भी बर्फ गिरनी शुरु हो गई और कुछ पर्वतीय इलाकों में बारिश भी हुई। बाहर से आए पर्यटक गिरती हुई बर्फ को देखकर काफी उत्साहित नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर तक उत्तराखंड में मौसम का मिजाज ऐसा ही रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 31 दिसंबर और नए साल पर मौसम साफ रह सकता है। विभाग ने अपने पूर्वानुमान में 27 दिसंबर को चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिले में हल्की बारिश होने के संकेत दिए है। 28 और 29 दिसंबर को कुमाऊँ और इससे सटे गढ़वाल मंडल के पर्वतीय इलाको में भी कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने के सकेंत दिए है। 30 दिसंबर को कुमाऊँ मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा। हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
हिमालय की पहाड़ियों में बर्फबारी
रविवाार को केदारनाथ सहित हिमालय की पहाड़ियों में जमकर हिमपात होने से जिलेभर में ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ, चन्द्रशिला, चोपता, तुंगनाग, मह्महेश्वर और अन्य पहाडियों पर देर सांय तक बर्फबारी हुई। कुछ लोग ठंढ़ के कारण घर में ही रह रहे है। वही बाहर से आए पर्यटक बदलते मौसम में होने वाली बर्फबारी का मजा लेने के लिए काफी उत्साहित है।
नए साल के जश्न से पहले नैनीताल में हो सकती है बर्फबारी
नए साल से पहले रविवार शाम को नैनीताल में बर्फ के कण गिरने के कारण मौसम में ठंडक और ज्यादा बढ़ गई है। वही हलद्वानी में दिनभर बादल छाए रहे। वीकेंड के चलते नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। 31 दिसंबर तक नैनीताल सहित जिलेभर में बारिश व बर्फबारी का अनुमान है। मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नैनीताल में अधिकतम तापमान 11 और न्यूतम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं हलद्वानी में अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कुछ इलाकों में रविवार शाम से मौसम अचानक बदला। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के पहाड़ो में जोरदार बर्फबारी हो रही है।
Created On :   27 Dec 2021 4:00 PM IST