प्रियंका गांधी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कांग्रेस ने सौंपा पूरे यूपी का प्रभार

- कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को बनाया पूरे उत्तर प्रदेश का प्रभारी
- लोकसभा चुनाव के दौरान प्रियंका को सिर्फ पूर्वी यूपी की जिम्मेदारी मिली थी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद से कांग्रेस पार्टी में इस्तीफों का दौर चल रहा है। इसी बीच पार्टी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रियंका गांधी को पूरे उत्तर प्रदेश का कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के इस फैसले से कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह नजर आ रहा है।
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के महासचिव पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद अब प्रियंका गांधी वाड्रा अकेले ही मिशन 2022 संभालेंगी। प्रियंका गांधी को पूरे उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा गया है। प्रियंका को प्रभारी बनाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता काफी खुश हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है, प्रदेश में एक प्रभारी होने से पार्टी को किसी भी तरह के फैसले लेने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे कांग्रेस को मजबूती भी मिलेगी।
आपको बता दें कि, करीब 6 महीने पहले ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव का कार्यभार सौंपा था। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश की भी जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है तो कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पूरे उत्तर प्रदेश की कमान सौंप दी है। वहीं राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अब पार्टी नए अध्यक्ष की तलाश भी कर रही है। नया अध्यक्ष तय होने के बाद प्रदेश स्तर पर भी कांग्रेस में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
Created On :   15 July 2019 2:11 PM IST