बौध जिले में एक तेंदुए की खाल के साथ दो लोग गिरफ्तार, वन अधिकारी कर रहे कानूनी कार्रवाई

- ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल ने की थी छापेमारी
डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस ने बौध जिले में एक तेंदुए की खाल के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने वन अधिकारियों की मदद से बौध वन संभाग में कल छापेमारी की थी और दो वन्य जीवन अपराधियों के कब्जे से तेंदुए की खाल जब्त की।
दोनों आरोपियों की पहचान बौध जिले के अबनिकांत कहानरा और साकीनाथ कहानरा के रूप में हुई है। एसटीएफ ने कहा कि दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बौध वन अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
एसटीएफ ने दो नवंबर को मयूरभंज जिले में एक तेंदुए की खाल जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पिछले एक साल के दौरान टास्क फोर्स ने 20 तेंदुए की खाल, 10 हाथी दांत, दो हिरण की खाल, छह जीवित पैंगोलिन और 15 किलो पैंगोलिन स्केल (शल्क) जब्त कर 40 वन्यजीव अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
(आईएएनएस)
Created On :   11 Nov 2021 2:30 PM IST