मायावती का बड़ा एक्शन: दो पूर्व सांसद बसपा से निष्कासित, पार्टी सुप्रीमो मायावती ने 'एक्स' पर किया पोस्ट, जानें क्या लगे आरोप?

- बसपा के पूर्व सांसद निष्कासित
- मायावती ने 'एक्स' पोस्ट के जरिएदी जानकारी
- पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) चीफ मायावती ने दो पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ और मेरठ के नितिन सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मायावती ने इसकी वजह गुटबाजी और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता बताई है। पार्टी सुप्रीमो ने अपने एक्स अकाउंट पर बुधवार (12 फरवरी) को एक पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है।
बीएसपी की ओर से ख़ासकर दक्षिणी राज्यों आदि के प्रभारी रहे डा अशोक सिद्धार्थ, पूर्व सांसद व श्री नितिन सिंह, ज़िला मेरठ को, चेतावनी के बावजूद भी गुटबाजी आदि की पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण पार्टी के हित में तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
— Mayawati (@Mayawati) February 12, 2025
मायावती का एक्स पोस्ट
बसपा चीफ मायावती ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा कि बीएसपी की ओर से खासकर दक्षिणी राज्यों आदि के प्रभारी रहे डॉ. अशोक सिद्धार्थ, मेरठ के पूर्व सांसद व नितिन सिंह, चेतावनी के बावजूद भी गुटबाजी आदि की पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण पार्टी के हित में तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
अशोक सिद्धार्थ थे मायावती के भरोसेमंद
पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ की गिनती मायावती के भरोसेमंद नेताओं में होती थी। वह पर्दे के पीछे साधारण तरीके से पार्टी का कार्य कर रहे थे। उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार के कार्यकाल के दौरान अशोक सिद्धार्थ की पत्नी को राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया था। वह सरकारी नौकरी छोड़कर सियासत में आए थे।
कौन हैं अशोक सिद्धार्थ?
पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को मायावती ने 2016 में राज्यसभा भेजा था। इसके पहले वह विधायक भी रह चुके हैं। वह राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में सेंट्रल कोऑर्डिनेटर की भूमिका भी निभा चुके हैं। हालांकि, इन चुनावों में पार्टी को कोई सफलता नहीं मिली है। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। वह पार्टी का प्रचार-प्रसार भी करते थे। मायावती के करीबी रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी, बाबू सिंह कुशवाहा, स्वामी प्रसाद मौर्य, नरेंद्र कश्यप भी आज बसपा से बाहर हैं। कई पुराने नेता धीरे-धीरे सभी पार्टी से बाहर चले गए।
Created On :   12 Feb 2025 4:48 PM IST