कौन है जो बाइडेन की लाडली? जिसकी वेडिंग के लिए सज रहा है व्हाइट हाउस, बड़े जलसे की है तैयारी

- अपने दादा के बहुत करीब है नाओमी बाइडेन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जल्द ही अमेरिकी राष्ट्रपति निवास "व्हाइट हाउस" में शादी की शहनाई गूंजने वाली है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पोती नाओमी बाइडेन 19 नवंबर को अपने मंगेतर पीटर नील के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। हाल ही में दोनों ने सगाई की है। इससे पहले भी व्हाइट हाउस 18 शादियों का गवाह रह चुका है लेकिन ऐसा पहली बार होगा जब किसी यहां किसी राष्ट्रपति की पोती की शादी का आयोजन किया जाएगा। इस शाही शादी को लेकर तैयारियां भी जोरों पर शुरू हो गई हैं।
कौन हैं नाओमी बाइडेन
नाओमी बाइडेन जो बाइडेन के बेटे हंटर बाइडेन और कैथलीन की बड़ी बेटी हैं। वह पेशे से एक वकील हैं। नाओमी का नाम जो बाइडेन की बेटी के नाम पर रखा गया था। बाइडेन की बेटी की एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। नाओमी का पालन-पोषण वाशिंगटन डीसी में हुआ था। नाओमी अपने दादा जो बाइडेन से बहुत प्यार करती हैं और उन्हें प्यार से "पॉप्स" बुलाती हैं।
पढ़ाई की बात करें तो नाओमी ने यूनिवर्सिटी ऑफ पेन्सिलवेनिया से इंटरनेशनल रिलेशंस में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद उन्होंने कोलंबिया लॉ स्कूल से लॉ की पढ़ाई की है। वह वर्तमान में अर्नोल्ड एंड पोर्टर लॉ फर्म में एक वकील के रूप में प्रैक्टिस कर रही हैं। उधर, नाओमी के होने वाले पति पीटर नील ने भी लॉ की पढ़ाई की है।
अपने दादा के बहुत करीब है नाओमी बाइडेन
टाउन एंड कंट्री न्यूज वेबसाइट के अनुसार, नाओमी ने साल 2020 में एक इंटरव्यू में अपने दादा को लेकर कहा था कि चाहे वह कुछ भी कर रहे हों और कहीं भी हों, लेकिन जब नाओमी उन्हें कॉल करती हैं तो वह तुरंत पिक करते हैं। एक बार तो बाइडन स्टेज पर स्पीच दे रहे थे, तभी नाओमी ने कॉल किया जो बाइडेन को उठाना पड़ा था।
ऐसे हुआ नील से प्यार
नाओमी की मुलाकात 25 साल के नील से करीब चार साल पहले एक दोस्त के जरिए न्यूयॉर्क में हुई थी। उसी वक्त से दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। चार साल डेट करने के बाद दोनों ने अब शादी करने का फैसला किया है।
फिलहाल, नाओमी और नील दोनों साथ ही बाइडेन परिवार के साथ व्हाइट हाउस में रह रहे हैं। नाओमी की दादी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन अपनी पोती की शादी को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हैं और शादी की तैयारियों में जुटी हुई हैं। शादी की छोटी-छोटी तैयारी भी जिल बाइडेन की देखरेख में पूरे जोरो-शोरों पर हो रही है। बता दें, ऐसा पहली बार होगा जब शादी का आयोजन व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में किया जाएगा।
Created On :   14 Nov 2022 3:24 PM IST