Crime: लिंडसे लोहान की मां दीना ने की ये बड़ी गलती, पुलिस ने किया गिरफ्तार
![Hollywood Actress Lindsay Lohans Mother Dina Lohan Was Arrested Hollywood Actress Lindsay Lohans Mother Dina Lohan Was Arrested](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2020/01/hollywood-actress-lindsay-lohans-mother-dina-lohan-was-arrested_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, मुम्बई। हॉलीवुड अभिनेत्री लिंडसे लोहान की मां दीना लोहान को नशे की हालत में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, लोहान को 11 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। दीना लोहान मर्सिडीज कार में सवार थीं और इस दौरान उनकी कार न्यूयॉर्क के एक रेस्तरां के बाहर खड़े दूसरे वाहन से टकरा गई। इसके बाद लोहान कथित तौर पर घटनास्थल से फरार हो गई।
पुलिस ने हिरासत में लिया
जिस वाहन से लोहान की कार टकराई थी, उसमें भी एक महिला चालक ही थी। इस महिला ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया और वह उनके पीछे-पीछे लोहान के घर तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, लोहान ने फील्ड सोब्रिटी टेस्ट (नशे में होने का पता लगाने के लिए) देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
कोर्ट ने किया रिहा
उन्हें रविवार की सुबह अदालत में पेश किया गया। जहां उन्होंने अपराध नहीं करने की बात कही। अदालत ने उन्हें छोड़ दिया। हालांकि नासाउ काउंटी के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें 15 जनवरी को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
एक बार पहले भी कर चुकी हैं ऐसा
लोहान इससे पहले भी 2013 में नशे की हालत में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार हो चुकी हैं। उस समय पुलिस ने उन्हें तेज गति से गाड़ी चलाने और नशे का अधिक सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस समय जब अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था तो उन्होंने कहा था कि वह आगे से ऐसा नहीं करेंगी। गाड़ी चलाते समय एक से अधिक बार इस तरह के अपराध में लिप्त पाए जाने के कारण लोहान की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Created On :   14 Jan 2020 8:23 AM IST