छह मैच हारने के बाद रवींद्र जडेजा ने छोड़ी कप्तानी, महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी कमान

- जडेजा अपनी बल्लेबाजी पर ही फोकस करना चाहते हैं
डिजिटल डेस्क, मुंबई। चेन्नई सुपर किंग्स की कमान एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी के हाथ में पहुंच गई है। आईपीएल में लगातार एक के बाद एक कई मैच हारने के बाद रवींद्र जडेजा ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। खबर है कि अब जडेजा अपनी बल्लेबाजी पर ही फोकस करना चाहते हैं। इसी इरादे से उन्होंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया।
जडेजा अब तक कप्तानी का दबाव नहीं झेल पा रहे थे। जिसका असर उनके खेल पर साफ दिखाई दे रहा था। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल के इस सीजन में अब तक सिर्फ दो मैच जीते हैं। आठ मैचों में मिली छह हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स नौवें स्थान पर है।
रविवार को बतौर कप्तान खेलेंगे धोनी
धोनी अब बतौर कप्तान मैदान में वापस नजर आएंगे। इस सीजन में उनकी कप्तानी में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स खेलती नजर आएगी। धोनी ने आईपीएल शुरू होने से दो दिन पहले ही कप्तानी से हटने का फैसला किया था। जिसके बाद ये जिम्मा जडेजा को सौंपा गया था। धोनी अब तक आईपीएल के दूसरे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं।
उनकी कैप्टनसी में चेन्नई की टीम 2010, 2011, 2018 और 2021 में जीत हासिल कर चुकी है। अब तक आईपीएल के चार खिताब जीतने वाली ये टीम प्वाइंट्स टेबल में नीचे से दूसरे स्थान पर है। धोनी की अगुवाई में सीएमके ने आज तक 121 मैच जीते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स का आधिकारिक बयान
अपने बयान में चेन्नई सुपर किंग्स ने कहा है कि जडेजा ने खेल पर ध्यान देने के इरादे से कप्तानी से हटने का फैसला किया है। उन्हीं के अनुराध पर धोनी को टीम की कमान वापस सौंपी जा रही है। टीम की खातिर धोनी ने भी ये जिम्मेदारी स्वीकार की है। जड़ेजा इस सीजन में 92 गेंदों पर अब तक 112 रन ही बना सके हैं। गेंदबाजी में भी उनका कमाल अब तक नहीं दिखा है। उन्होंने अब तक 8.19 के इकॉनमी रेट से पांच विकेट ही लिए हैं।
Created On :   30 April 2022 8:06 PM IST