Satna News: राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, बेटी समेत दम्पति की मौत

राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, बेटी समेत दम्पति की मौत
  • दो लोग गंभीर रूप से घायल, प्रयागराज से मुंबई जा रहे पीडि़त
  • पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है जो मैहर के लिए रवाना हो गए हैं।
  • परिवार काफी सालों से मुंबई के पलावा में निवासरत था।

Satna News: प्रयागराज से लौटकर मुम्बई जा रहे तीर्थयात्रियों की कार हाइवे पर खड़े ट्रक से भिड़ गई, जिसमें दो महिलाओं समेत 3 यात्रियों की जान चली गई। वहीं दो लोग घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुम्बई निवासी सुनील पुत्र गणेश उपाध्याय 62 वर्ष, अपनी पत्नी सरोजिता उपाध्याय 55 वर्ष, पुत्र रोहन उपाध्याय 29 वर्ष, पुत्री स्नेहा उपाध्याय 24 वर्ष और मीनाक्षी पति स्वर्गीय विनोद उपाध्याय 55 वर्ष के साथ कार क्रमांक 24 बीएच 7072 जे पर सवार होकर कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे।

तीर्थ क्षेत्र से सभी लोग बुधवार सुबह मुंबई के लिए निकल पड़े, मगर दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे जैसे ही मैहर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर नरौरा के पास पहुंचे, तभी कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, जिससे सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ही सुनील, सरोजिता और स्नेहा की मौत हो गई, जबकि रोहन व मीनाक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर कर दिया गया है।

मौके पर पहुंचा पुलिस और प्रशासन का अमला

हादसे की खबर लगते ही मैहर थाने के पुलिस बल समेत तहसीलदार जितेन्द्र पटेल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से बाहर निकाल कर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेते हुए मरचुरी भेजे गए, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है जो मैहर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया गया है कि मूलत: बिहार के मुजफ्फरपुर से संबंध रखने वाला यह परिवार काफी सालों से मुंबई के पलावा में निवासरत था।

Created On :   19 Feb 2025 7:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story