- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 9 निकाय छीनने के बावजूद कांग्रेस 11...
9 निकाय छीनने के बावजूद कांग्रेस 11 पर सिमटी,छिंदवाड़ा में लगा तगड़ा झटका

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्रदेश के 46 में से 29 निकायों में भाजपा की नगर सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ है। महाकोशल के मलाजखंड,शहपुरा,निवास,तथा बम्हनी सहित छिंदवाड़ा जिले के 6 में से 4 निकायों में भाजपा को बहुमत मिला। बैहर, लखनादौन तथा मंडला के साथ विंध्य के शहडोल तथा बुढ़ार में वह बहुमत से दूर लेकिन नंबर-वन पार्टी बन कर सामने आई है। कांग्रेस की छिंदवाड़ा की 2 पांढुर्ना व हर्रई तथा मंडला के बिछिया सहित11 निकायों में नगर सरकार बनना तय है। शहडोल के जयसिंहनगर तथा अनूपपुर के कोतमा में भी कांग्रेस आगे बनी हुई है। इसे जोर का झटका प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा में लगा, जहां भाजपा ने 4 निकाय छीन लिए। कांग्रेस को यहां जिन 2 निकायों में जीत मिली, कमोबेश वहां पहले भाजपा की नगर सरकार थी।
दूसरे का गढ़ भेदने के चक्कर में अपने खो दिए
भाजपा ने जिन निकायों में जीत हासिल की है उनमें से दमुआ, जुन्नारदेव, सौसर, मोहगांव, शहपुरा व निवास सहित 10 पर पहले कांग्रेस काबिज थी। इसी तरह से कांग्रेस ने जो 11 निकाय जीते उनमें से पांढुर्ना, हर्रई तथा मंडला के बिछिया सहित 9 भाजपा शासित थे। कांग्रेस सिर्फ रतलाम जिले के सैलाना में अपनी जीत दोहरा सकी है, जबकि भाजपा ने मंडला के बम्हनी, उमरिया के पाली, बालाघाट के मलाजखंड सहित 14 स्थानों पर दोबारा जीत हासिल की है। मंत्री भूपेंद्र सिंह के गढ़ खुरई तथा गोपाल भार्गव के गृह नगर गढ़ाकोटा में कांग्रेस एक भी वार्ड नहीं जीत सकी है।
निर्दलीयों,आप व गोंगपा ने किया बहुमत से दूर
सिवनी जिले के लखनादौन में 7 निर्दलीयों ने भाजपा (6) को बहुमत से दूर धकेल दिया तो डिंडोरी की नगर सरकार का भी फैसला 3 निर्दलीय करेंगे। यहां कांग्रेस-भाजपा 6-6 की बराबरी पर हैं। मंडला में भी भाजपा (10) तथा कांग्रेस (8) को 5 निर्दलीयों का साथ हासिल करना होगा। नैनपुर में निर्दलीयों ने 6 सीटें हासिल कर कांग्रेस-भाजपा को बहुत पीछे रोक दिया। सिंगरौली जिले के बनगवां में आम आदमी पार्टी (5) तो सरई में 6 निर्दलीयों सहित गोंडवाना (5) ने कांग्रेस-भाजपा को बहुमत से दूर कर दिया। अनूपपुर के बिजुरी में भी निर्दलीयों ने बराबरी से 5 सीटें हासिल कर दोनों दलों का सत्ता का गणित फेल कर दिया
Created On :   1 Oct 2022 2:40 PM IST