व्यापार नहीं सेवा करती है कांग्रेस सरकार:कमलनाथ

डिजिटल डेस्क,कटनी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही सभी गरीबों और आम जनता की हिमायती रही। सरकार की उपलब्धियां जनता के मानस पटल पर है। 15 माह की सरकार में बिजली एक रुपए प्रति यूनिट और शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया गया। किसानों का ऋण माफ किया। शहरों के विकास के लिए लिए रोडमैप तैयार किया था। भाजपा की शिवराज सरकार ने बीमारू राज्य बना दिया है। मंहगाई चरम पर है, युवाओं के हाथों में रोजगार तक नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बात बुधवार को रोड शो के पहले स्थानीय एक होटल आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। एक सवाल के जवाब में श्री नाथ ने कहा कि गुटबाजी हर पार्टी में रहती है।
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस के लिए सत्ता व्यापार नहीं सेवा का है। इस दौरान राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि नए और पुराने लोगों के साथ मिलकर नई कांग्रेस बन रही है, जो पार्टी से चले गए, उन्हें लाने में इन्ट्रेस्ट नहीं है। प्रशासन यदि किसी के साथ ज्यादती करता है तो पीडि़त की लड़ाई में कांग्रेस हमेशा खड़ी है। कमलनाथ के नेतृत्व में नई ऊर्जा की कांग्रेस बन रही है। इस दौरान प्रदेश युकांध्यक्ष विक्रांत भूरिया, महापौर श्रेहा खंडेलवाल भी उपस्थित थे। इसके पहले उन्होने कांग्रेस के मंडलम अध्यक्षों की बैठक ली।
इस बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि यह शिकवा-शिकायतों का समय नहीं है, सभी से तन-मन से पार्टी के प्रत्याशियों के लिए काम करें। स्वागत करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सबसे बड़ी माला लेकर आते हैं वे 30 साल से वार्ड नहीं जीत पाए। इसलिए दिखावा छोड़ें और पार्टी के प्रति समर्पित रहें। होटल से कमलनाथ ने दद्दाधाम पहुंचकर गृहस्थ संत पं.देवप्रभाकर शास्त्री दद्दाजी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
Created On :   7 July 2022 2:01 PM IST