जू का कायाकल्प: गोरेवाड़ा में चित्रकारों ने पत्थरों में फूंक दी जान , बना दिया सेल्फी प्वाइंट

  • पर्यटक पत्थरों को समझ रहे वन्यजीव
  • लोगों को कर रहे आकर्षित
  • बार-बार देखने के लिए आ रहे पर्यटक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। इन दिनों गोरेवाड़ा जू घूमने आने वालों को यहां रखे बड़े - बड़े पत्थर चौका रहे हैं। क्योंकि इन पत्थरों में बाहर से आये कुछ चित्रकारों ने जान फूंक दी है। पत्थरों के आकार से तालमेल बनाकर इन पर वन्यजीवों के चित्रों को ऐसा उकेरा है मानो मानो वे जीवंत हो। बंदर, हिरण, सांप आदि वन्यजीवों के चित्रों को इतनी शानदार तरीके से पत्थरों पर उकेरा गया है, कि हर कोई बस इसे देखता ही रहता है।

नागपुर के पास बना गोरेवाड़ा जू पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। यहां वर्तमान में इंडियन सफारी बनाई गई है। जिसमें चार स्लॉट बने हैं। इसमें हरबीओवर, लेपर्ड, टाइगर व भालू को अलग-अलग स्लॉट में रखा गया है। जहां बस में पर्यटकों को घुमाया जाता है। बारिश में बाकी जगह जंगल सफारी बंद कर दी गई है। लेकिन गोरेवाड़ा में बारिश आदि का कोई डर नहीं है, क्योंकि यह सफारी मानव निर्मित है, जिसके चलते बारिश में भी यहां लोगों को घूमने का आनंद मिल रहा है। सफारी के भीतर जाने से पहले यहां बड़ा परिसर है, जहां टिकट लेने से लेकर लोगों के रूकने आदि की व्यवस्था है। अभी तक यहां अधिक समय तक रूकने के लिए लोग तैयार नहीं रहते थे लेकिन अब लोग यहां पर खुद आ रहे हैं। क्योंकि परिसर में बेकार पड़े बड़े - बड़े पत्थरों में चित्रकारों ने जान फूंक दी है। इन पत्थरों पर अमरावती से बुलाये चित्रकारों ने कुछ ऐसे में चित्र बनाये हैं कि लोग देखते रह जाते हैं।

झाड़ियों में बैठी लोमड़ी का डर : एक बड़े से पत्थर पर लोमड़ी का चित्र बनाया है। चपटे आकार के इस पत्थर पर लोमड़ी जिस तरह शिकार पर अटैक करने की पहले स्थिति बनाती है, ठीक उसी स्थिति में उसका चित्र बनाया है। इस पत्थर को परिसर की झाड़ियों से सटकर रखा गया है। जिससे एकाकी किसी की इस पर नजर पड़े तो वह पहले तो डर ही जाता है। इसके बाद बांस के पेड़ के नीचे रखा एक पत्थर आपकों चौंका सकता है, क्योंकि इस पर बनाये विश्राम करते हिरण को दूर से देख आप जज ही नहीं कर सकते कि वह असली है या नकली । एक पत्थर पर बैठा हुआ बंदर का चित्र भी आपको बार-बार देखने के लिए मजबूर कर देगा।

बन गया सेल्फी प्वाइंट : आजकल सेल्फी का हर किसी को क्रेज है। जिसके कारण हर कोई सेल्फी के लिए सही प्वाइंट की तलाश में रहता है। गोरेवाड़ा में पत्थरों पर बनाया यह चित्र हर किसी को अपने साथ सेल्फी लेने के लिए मजबूर कर रहा है। धीरे-धीरे यह सेल्फी प्वाइंट बनते जा रहा है।

कुल बीस से ज्यादा पत्थर : परिसर में कुल 20 बड़े पत्थर बेकार स्थिति में पड़े थे। जो रास्तों पर रखने पर अभद्र दिखते थे। ऐसे में इसे चित्रकारों की मदद से वन्यजीवों की शक्ल दी गई। जिसमें सांप, हिरण, बंदर, चीतल आदि वन्यजीव शामिल हैं।


Created On :   13 Aug 2024 10:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story