जबलपुर: चीतल को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 3 की मौत, 5 घायल

चीतल को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 3 की मौत, 5 घायल
  • खितौला थाना क्षेत्र के समीप हुआ हादसा, मेडिकल में चल रहा घायलों का इलाज
  • घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल पहुँचाया गया।
  • एक चीतल को देखकर चालक ने ब्रेक लगाया और उसका वाहन पर से नियंत्रण खो गया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम साढ़े 6 बजे के करीब पान उमरिया से सिहोरा की ओर तेज रफ्तार से भागता लोडिंग वाहन सामने आए चीतल को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया।

ग्राम शरदा के पास हादसे में वाहन में सवार लोगों में कोहराम मच गया। लोगों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मदद को दौड़े और सवारियों को वाहन से बाहर निकाला। इस दौरान वाहन में दबने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पहुँचाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिहोरा सिलौड़ी निवासी आदिक सिंह उम्र 50 वर्ष अपने कुछ साथियों के साथ पान उमरिया गए थे। वहाँ से लौटते समय सभी लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 6705 में पीछे सवार होकर वापस अपने गाँव लौट रहे थे।

वाहन को चालक तेज रफ्तार से चला रहा था। ग्राम शरदा के पास अचानक सड़क पर एक चीतल को देखकर चालक ने ब्रेक लगाया और उसका वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद वाहन सड़क पर लहराकर पलट गया।

इस हादसे में जहाँ लोडिंग वाहन में सवार आदिक सिंह, उसके साथी सुकरत ठाकुर उम्र 50 वर्ष निवासी महगवाँ और ओमप्रकाश मल्लाह उम्र 53 वर्ष निवासी मल्हानपुरा की मौके पर ही मौत हो गयी।

वहीं वाहन में सवार संत सिंह, बेनीकृपा पटैल, सुनिया पटैल, अमित पटैल, बृजलाल यादव और प्रिया पटैल आदि सवार थे सभी घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल पहुँचाया गया। वहाँ 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल रेफर किया गया है।

ग्रामीणों की भीड़ जमा हुई

लोडिंग वाहन में सवार लोगों द्वारा मदद की गुहार लगाए जाने पर ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गयी। ग्रामीणाें ने अपने स्तर पर बचाव कार्य करते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुँची पुलिस को घायलों ने बताया कि हादसा वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ, जो कि मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Created On :   14 Jun 2024 12:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story