- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जहां से आनी थी पौधों की महक वहां...
Jabalpur News: जहां से आनी थी पौधों की महक वहां रोज डल रहा कूड़ा-करकट

- रद्दी चौकी से रामनगर जाने वाला मार्ग बेहाल
- रोड डिवाइडर के बीच खाली जगह पर नगर निगम को पौधे लगाने थे
- क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि डिवाइडर पर कई जगह कचरे के ढेर लग गए हैं।
Jabalpur News: स्वच्छता को लेकर नगर निगम द्वारा बड़े-बड़े दावे जरूर किए जा रहे हैं लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मोतीलाल नेहरू वार्ड के अंतर्गत रद्दी चौकी से रामनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर बना रोड डिवाइडर कचरा घर में तब्दील हो गया है। यहां रोड डिवाइडर का इस्तेमाल कचरा फेंकने के लिए किया जा रहा है लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि डिवाइडर पर कई जगह कचरे के ढेर लग गए हैं।
हालात यह हैं कि कचरे के ढेर से आ रही दुर्गंध से लोगों का यहां से निकलना दुश्वार हाे रहा है, साथ ही लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा भी सता रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि रद्दी चौकी से रामनगर को जाने वाले इस मार्ग के आसपास कई काॅलोनियां हैं जिनमें बड़ी आबादी निवास करती है।
इन काॅलोनियों में रहने वाले लोग आवाजाही के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं लेकिन जगह-जगह फैले कचरे के ढेरों से लोग परेशान हैं। रोड डिवाइडर पर कुछ लोगों ने कब्जा भी कर रखा है। यहां लोडिंग रिक्शा पार्क किया गया है। इसके साथ ही लोगों ने डिवाइडर के खाली हिस्से पर सामान रख दिया है।
पौधे तक नहीं लगाए
रोड डिवाइडर के बीच खाली जगह पर नगर निगम को पौधे लगाने थे, ताकि यहां प्रदूषण कम हो और डिवाइडर सुन्दर नजर आए लेकिन जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों ने इस ओर कोई प्रयास नहीं किया।
Created On :   24 April 2025 12:46 PM IST