कछपुरा क्षेत्र में आधा दर्जन कॉलोनियों की सड़कों पर भरा पानी, नागरिक त्रस्त

कछपुरा क्षेत्र में आधा दर्जन कॉलोनियों की सड़कों पर भरा पानी, नागरिक त्रस्त
लोगों ने कहा- क्षेत्र में नहीं हैं पक्की सड़कें, पानी निकासी के लिए नालियाँ तक नहीं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

मानसून की पहली बारिश में ही कछपुरा क्षेत्र की आधा दर्जन कॉलोनियों की सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कछपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुष्प नगर, गणेश नगर, गुरुकुंज परिसर फेज-वन, टू व थ्री और भूलन बस्ती में पक्की सड़कें तक नहीं हैं। हालत यह है कि यहाँ पर बारिश के पानी की निकासी के लिए नालियाँ तक नहीं हैं। इसके कारण बारिश का पानी सड़कों पर भरा रहता है।

चार महीने हर तरफ दलदल

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि कछपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों की सड़कें कच्ची हैं। इसके साथ ही यहाँ पर पानी की निकासी के लिए नालियाँ नहीं हैं। इसके कारण यहाँ पर सड़कें चार महीने तक कीचड़ से लथपथ रहती हैं। सड़कों पर जगह-जगह पानी भरा रहता है। पानी और कीचड़ के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को मुसीबत का सामना करना पड़ता है। पानी और कीचड़ की वजह से कई बार बच्चे दुर्घटना के शिकार भी हो जाते हैं।

उपलब्ध कराई जाएँ मूलभूत सुविधाएँ

क्षेत्रीय पार्षद अंशुल राघवेन्द्र यादव का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी कॉलोनियों को नियमित करने का आदेश दिया है। एक महीने से अधिक समय होने के बाद भी कॉलोनियों को नियमित नहीं किया गया। नगर निगम के अधिकारी यह बहाना बना रहे हैं कि अभी तक नियमितीकरण का नोटिफिकेशन नहीं आया है। नगर निगम के अधिकारियों की बहानेबाजी के कारण कॉलोनियों में रहने वालों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। क्षेत्रीय पार्षद का कहना है कि कॉलोनियों का जल्द नियमितीकरण होना चाहिए, ताकि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाई जा सकें।

सीएम की घोषणा के बाद भी नियमित नहीं हुईं कॉलोनियाँ

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम को कई बार सड़क और नाली के लिए आवेदन दिए गए। हर बार एक ही जवाब मिलता है कि यहाँ की कॉलोनियाँ नियमित नहीं हैं। इसलिए यहाँ पर सड़क और नाली नहीं बनाई जा सकती। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने एक महीने पहले सभी कॉलोनियों को नियमित करने का आदेश दिया है, इसके बाद भी नगर निगम ने कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की है। इससे यहाँ पर सड़क और नाली बनाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

शहर में कॉलोनियों की नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कॉलोनियों में विकास कार्य कराए जाएँगे।

- अजय शर्मा, अधीक्षण यंत्री, नगर िनगम

Created On :   4 July 2023 11:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story