- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- तेज गति और महँगे किराए वाली वंदे...
जबलपुर: तेज गति और महँगे किराए वाली वंदे भारत भी हो रही लेट

- हर स्टेशन पर हुआ विलंब, नहीं खुल सके दरवाजे
- स्टेशन पर खड़े रहने के बाद भी ट्रेन के दरवाजे नहीं खुले और यात्री नीचे उतरने के लिए परेशान होते रहे।
- यात्रियों ने ट्रेन के रुकने का कारण भी जानना चाहा मगर कोई कुछ बताने तैयार नहीं था
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रेल सफर में लेट-लतीफी का दौर पिछले कुछ समय से लगातार बरकरार है। जबलपुर से अन्य शहराें से आने और यहाँ से जाने वाली अनेक ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं।
इन ट्रेनों की सूची में अब भोपाल-जबलपुर-रीवा रूट पर चलने वाली सबसे तेज गति और महँगे किराए वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का नाम भी जुड़ गया है।
गुरुवार को यह ट्रेन भोपाल से चलने के बाद हर स्टेशन पर कुछ न कुछ देरी से ही चलती रही और गाडरवारा स्टेशन पहुँचते ही करीब 60 मिनट तक इसके पहिए थमे रहे। इस दौरान यात्रियों ने ट्रेन के रुकने का कारण भी जानना चाहा मगर कोई कुछ बताने तैयार नहीं था।
यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कतें उस वक्त हुईं जब स्टेशन पर खड़े रहने के बाद भी ट्रेन के दरवाजे नहीं खुले और यात्री नीचे उतरने के लिए परेशान होते रहे।
बताया जाता है कि रीवा वंदे भारत ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन (भोपाल) से निर्धारित समय 3.30 बजे रवाना होती है, बुधवार को भी यह सही समय पर रवाना हुई। इसके बाद पिपरिया पहुुँचते ही आधे घंटे लेट हो गई यानी 5.30 बजे की बजाय 6.03 बजे पहुँची। इसके बाद इसके लेट होने का सिलसिला बढ़ता ही गया।
गाडरवारा स्टेशन पर थम गए पहिए
इस ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि उन्होंने तो इस उम्मीद से वंदे भारत एक्सप्रेस की टिकट ली थी कि यह सबसे तेज गति से चलती है और समय पर अपने गंतव्य तक पहुँचती है, मगर पहला अनुभव ही काफी बेकार रहा है।
यह ट्रेन जब गाडरवारा पहुँची तो करीब 60 मिनट यहाँ खड़ी रही। इस दौरान जब यात्रियों ने स्टेशन पर उतरने की कोशिश की तो वह भी बेेकार रही क्योंकि इसके दरवाजे ऑटोमैटिक होने के कारण खुल नहीं सके और यात्री ट्रेन में बैठे-बैठे बोर गए।
दाे घंटे देरी से नरसिंहपुर से हुई रवाना
यात्रियों ने बताया कि यह ट्रेन नरसिंहपुर पहुँचने के बाद घंटों यहाँ खड़ी रही और यहाँ से करीब दो घंटे बाद रवाना हुई जिसके चलते अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से जबलपुर स्टेशन पर पहुँची।
Created On :   9 Feb 2024 2:40 PM IST