- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हिरन नदी में नहाते वक्त दो सगी...
हिरन नदी में नहाते वक्त दो सगी बहनें डूबीं, मौत

डिजिटल डेस्क जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम भौतियाघाट में सोमवार को स्नान करने गयीं दो सगी बहनें नदी में डूब गयी थीं। जानकारी लगने पर परिजनों व ग्रामीणों ने उनकी तलाश करते हुए नदी से उन्हें बाहर निकलवाया लेकिन तब तक दोनों की साँसें थम चुकी थीं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को पीएम के लिए रवाना कर घटना की जाँच पड़ताल शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खमरिया निवासी प्रमोद सिंह गोंड के घर पर विवाह समारोह था। सोमवार की दोपहर उनकी बेटी श्रद्धा ठाकुर उम्र 14 वर्ष अपनी बहन मानसी ठाकुर उम्र 13 वर्ष के साथ हिरन नदी के भौतियाघाट में स्नान करने गयी थी। काफी देर तक दोनों वापस घर नहीं लौटीं तो चिंतित परिजन उनकी तलाश में घाट पर पहुँचे। वहाँ पर उनके कपड़े व चप्पलें पड़ी हुई थीं। परिजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय गोताखोर भूरा और चिंटू को बुलाकर नदी में उतरा। उन्होंने तलाश करते हुए नदी से दोनों बहनों को खोज कर बाहर निकाला लेकिन उनकी साँसें थम चुकी थीं। दोनों बहनों को मृत देख परिजन बिलख पड़े। माहौल गमगीन हो गया। शादी वाले परिवार में मातम छा गया। पुलिस द्वारा मामले को विवेचना में लिया गया है।
Created On :   30 April 2024 11:22 PM IST