जबलपुर: जो बीज जाँच में फेल हो गए उसे लेकर किया गुमराह, अब चल रही पड़ताल

जो बीज जाँच में फेल हो गए उसे लेकर किया गुमराह, अब चल रही पड़ताल
  • कृषि विभाग ने छापामार तर्ज पर सीड्स ग्रेडिंग यूनिट मुर्रई का किया निरीक्षण, लिए सैम्पल
  • मप्र राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा बीज उत्पादन कार्यक्रम में बीज परीक्षण में फेल लॉट की भी जानकारी ली गई
  • बीज परीक्षण में फेल लॉट के 174 क्विंटल धान के बीज की जानकारी माँगी।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मप्र राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था ने बीज उत्पादन कार्यक्रम में जाँच के बाद कई संस्थाओं के बीज फेल किए थे। इनमें नमामि सीड्स ग्रेडिंग यूनिट मुर्रई भी शामिल थी।

नियमानुसार जाँच में फेल बीज की पूरी जानकारी स्थानीय कृषि अधिकारियों को देनी थी लेकिन संस्था ने ऐसा नहीं किया। यही कारण था कि कृषि अधिकारियों ने मंगलवार को नमामि सीड्स में छापामार कार्रवाई की और बीज परीक्षण में फेल लॉट के 174 क्विंटल धान के बीज की जानकारी माँगी।

फिलहाल जानकारी नहीं दी गई है जिसके बाद नोटिस जारी कर 3 दिनाें में जवाब माँगा गया है। मंगलवार को बीज उत्पादक समिति श्री नमामि सीड्स ग्रेडिंग यूनिट मुर्रई का अनुविभागीय अधिकारी कृषि पाटन डॉ. इंदिरा त्रिपाठी और टीम द्वारा निरीक्षण किया गया।

समिति द्वारा उत्पादित बीज का संपूर्ण रिकॉर्ड देखा गया और पैक किए जा रहे बीज के सैंपल भी लिए गए। बीज समिति द्वारा किसानों के यहाँ से लिए गए बीज, उत्पादन कार्यक्रम एवं उनके द्वारा उत्पादित बीज की मात्रा और ग्रेडिंग के बाद पैकिंग हेतु तैयार मात्रा का मिलान किया गया।

मप्र राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा बीज उत्पादन कार्यक्रम में बीज परीक्षण में फेल लॉट की भी जानकारी ली गई और निर्देश दिए कि फेल लॉट का बीज किसी भी दशा में पैक कर किसानों में विक्रय नहीं किया जाना चाहिए।

श्री नमामि सीड्स ग्रेडिंग यूनिट मुर्रई, समिति में 12 किसान पंजीकृत थे जिनके द्वारा जेआर 206 किस्म का 750 क्विंटल एवं 900 क्विंटल क्रांति का उत्पादन हुआ। जिसमें से जेआर 206 किस्म का 174 क्विंटल बीज मप्र राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा निर्धारित मापदंड में ना आने के कारण फेल किया गया है।

फेल लॉट के संबंध में संतुष्टि पूर्वक जानकारी नहीं उपलब्ध कराने के कारण वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पाटन श्रीकांत यादव द्वारा स्पष्टीकरण जारी करते हुए लेख किया कि 3 दिनों में उक्त फेल लॉट की सारी जानकारी जवाब के साथ प्रस्तुत की जाए।

Created On :   12 Jun 2024 12:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story