जबलपुर: मालगाड़ी का इंजन फेल होने से महानगरी के पहिए थमे, दो और ट्रेनों पर भी असर पड़ा

मालगाड़ी का इंजन फेल होने से महानगरी के पहिए थमे, दो और ट्रेनों पर भी असर पड़ा
  • दूसरा इंजन लगाकर किया रवाना मुख्य स्टेशन में भीड़ बढ़ी, घंटों तक यात्री होते रहे परेशान
  • जब मालगाड़ी रवाना हुई तो अन्य ट्रेनों काे हरी झंडी दिखाई गई।
  • करीब डेढ़ घंटे देरी से जबलपुर से महानगरी एक्सप्रेस रवाना हुई।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर मुख्य स्टेशन से रवाना होने के बाद अधारताल स्टेशन के पहले बुधवार की शाम मालगाड़ी का इंजन फेल होने के कारण महानगरी करीब डेढ़ घंटे मुख्य स्टेशन पर ही खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

ट्रैक क्लियर होने की सही जानकारी न मिलने से यात्री ट्रेन से नीचे उतरने से भी डर रहे थे। वहीं दो अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। इंजन फेल हाेने की जानकारी मिलने के बाद रेल अधिकारियों की टीम मौके पर पहुँची और दूसरा इंजन लगाकर मालगाड़ी को आगे बढ़ाया, तब कहीं जाकर अन्य ट्रेनें रवाना हो सकीं।

बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर एक मालगाड़ी के पहिए अधारताल स्टेशन पहुँचने से थोड़ा पहले ही थम गए। जाँच में पता चला कि मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया है। यहा घटना करीब 3 बजे की है।

इस दौरान जबलपुर से महानगरी एक्सप्रेस भी गुजरने वाली थी। जैसे ही महानगरी एक्सप्रेस ट्रैक पर आई तो उसे रोक दिया गया। इस दौरान यात्रियों ने यह जानने का प्रयास किया कि आखिर महानगरी रवाना क्यों नहीं की जा रही है, लेकिन उन्हें वास्तविक जानकारी मुहैया नहीं कराई गई, जिसके चलते यात्रियाें में आक्रोश देखा गया।

डेढ़ घंटे बाद क्लियर हुआ ट्रैक

बताया जाता है कि अधारताल स्टेशन के समीप मालगाड़ी का इंजन फेल होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँचे अधिकारियों ने वस्तुस्थिति देखने के बाद दूसरा इंजन लगाकर इसको आगे रवाना किया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब डेढ़ घंटे लग गए। जब मालगाड़ी रवाना हुई तो अन्य ट्रेनों काे हरी झंडी दिखाई गई।

करीब डेढ़ घंटे देरी से जबलपुर से महानगरी एक्सप्रेस रवाना हुई। इसके साथ ही रीवा इंटरसिटी करीब पौन घंटा और नागपुर से चलकर जबलपुर होकर शहडोल जाने वाली नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस भी आधा घंटे देरी से जबलपुर स्टेशन से रवाना हुई।

राजकोट ढाई घंटे रि-शेड्यूल हुई

राजकोट स्टेशन पर एनआई कार्य के चलते राजकोट एक्सप्रेस को रि-शेड्यूल किया गया। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे देरी से रवाना हुई। इस ट्रेन को रि-शेड्यूल किए जाने की जानकारी एक दिन पहले हो जाने के कारण यात्रियों को भी इस आशय का मैसेज कर दिया गया था। जिन यात्रियों को यह सूचना नहीं मिली वे निर्धारित समय पर प्लेटफाॅर्म पहुँच गए थे।

Created On :   27 Jun 2024 11:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story