शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं: गड्ढों में तब्दील सड़क, पैदल चलना मुश्किल, मुरुम तक नहीं डाल पा रहे जिम्मेदार

गड्ढों में तब्दील सड़क, पैदल चलना मुश्किल, मुरुम तक नहीं डाल पा रहे जिम्मेदार
  • शाहनाला से तिलवारा तक मार्ग के हाल- बेहाल
  • आए दिन हो रहे हादसे, पूरा क्षेत्र परेशान
  • सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शाहनाला से तिलवारा तक आधा किलोमीटर की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है। हालत यह है कि सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि फौरी राहत के लिए नगर निगम गड्ढों में मुरुम तक नहीं डाल रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है, कि शाहनाला से तिलवारा तक की सड़क काफी महत्वपूर्ण है। इस सड़क से रोजाना हजारों श्रद्धालु माँ नर्मदा के दर्शन के लिए तिलवारा जाते हैं। शहर से नागपुर बाईपास सड़क पर जाने के लिए लोग इसी सड़क का उपयोग करते हैं।

सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि बारिश थमने के बाद सड़क का निर्माण किया जाएगा, लेकिन तब तक सड़क के गड्ढों में मुरुम भरी जा सकती है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इतना काम भी नहीं कर रहे हैं।

कमर दर्द के शिकार हो रहे लोग

क्षेत्रीय पार्षद अनुपम जैन का कहना है कि शाहनाला से तिलवारा तक रोजाना आने-जाने वाले लोग गड्ढों के कारण कमर दर्द का शिकार हो रहे हैं। इसके साथ लोगों के वाहन भी खराब हो रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों से कई बार गड्ढों को भरने के लिए बातचीत की जा चुकी है, लेकिन गड्ढों को नहीं भरा जा सका है। उनका कहना है कि गड्ढों को जल्द ही भरा जाना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकें।

बारिश ने बढ़ाई परेशानी

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि इस समय लगातार बारिश हो रही है। बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के कारण सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। इसके कारण वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। कई बार गड्ढों में वाहन फँस जाते हैं। इससे कई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं।

चेतावनी का बोर्ड भी नहीं लगाया

नगर निगम ने शाहनाला से तिलवारा के बीच चेतावनी का बोर्ड भी नहीं लगाया है। नागरिकों का कहना है कि शहर के बाहर से आने वाले लोगों को यह मालूम नहीं होता है कि यहाँ पर सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। कई बार गड्ढों में वाहन फँस जाते हैं। नागरिकों ने कहा है कि यहाँ पर चेतावनी का बोर्ड लगाया जाना चाहिए ताकि लोग गड्ढों से बचकर निकल सकें।

बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बारिश थमने के बाद शहर की सड़कों की मरम्मत का काम किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

- अजय शर्मा, अधीक्षण यंत्री नगर निगम

Created On :   12 Aug 2024 10:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story