क्षेत्रीय बस स्टैण्ड का परिसर और मार्केट बन गया ओपन बार, हो रहा विवाद, लोग परेशान

क्षेत्रीय बस स्टैण्ड का परिसर और मार्केट बन गया ओपन बार, हो रहा विवाद, लोग परेशान
नगर निगम और पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई, मार्केट में आने से कतराते हैं नागरिक

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

दमोहनाका स्थित क्षेत्रीय बस स्टैण्ड पर नगर निगम के अंदर का मार्केट ओपन बार बन गया है। यहाँ पर सुबह से लेकर देर रात तक मयकशों का जमघट लगा रहता है। हालत यह है कि मार्केट में ग्राहक आने में कतराने लगे हैं। इससे व्यापारी भी दुकान नहीं खोलते। नगर निगम और पुलिस से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

व्यापारियों का कहना है कि दमोहनाका क्षेत्रीय बस स्टैण्ड पर नगर निगम के सामने के हिस्से में शराब दुकान है। अंदर के हिस्से में भी नगर निगम की दुकानें बनी हुई हैं। पहले लोग शराब दुकान के बाजू में बने अहाते में शराब पीते थे। राज्य सरकार ने इस साल अप्रैल से अहाते बंद कर दिए हैं। इसके बाद नगर निगम के अंदर का मार्केट ओपन बार में तब्दील हो गया है। यहाँ पर सुबह से देर रात तक शराबी खुलेआम शराब पीते हैं। इससे व्यापारी अपनी दुकान नहीं खोल पा रहे। नशे में चूर शराबी आए दिन यहाँ पर विवाद करते रहते हैं। इसके कारण यहाँ पर ग्राहक आने से डरने लगे हैं।

अंडे और मछली के ठेले लगे

व्यापारियों का कहना है कि यहाँ पर अंडे और मछली के ठेले भी लग गए हैं। जिनमें खाद्य सामग्री के साथ डिस्पोजल और पानी के पाउच भी बिक रहे हैं। इससे शराब पीने वालों को पूरी सुविधा मिल रही है। शहर की प्राइम लोकेशन होने के बाद भी यहाँ पर कभी पुलिस की गश्त नहीं होती। इससे शराबियों को खुली छूट मिली हुई है। व्यापारियों का यह भी कहना है कि ओपन बार नगर निगम और पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है।

मार्केट परिसर में लगा वाहनों का जमावड़ा

नगर निगम के मार्केट परिसर में पूरे समय वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। यहाँ पर बड़ी संख्या में नगर निगम की कचरा गाड़ी और डम्पर खड़े किए जाते हैं। इसके साथ ही आसपास के मैकेनिक भी परिसर में वाहन खड़े कर सुधार कार्य करते हैं। नगर निगम की अतिक्रमण शाखा से कई बार बाहरी वाहनों को हटाने के लिए कहा गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।

क्षेत्रीय बस स्टैण्ड स्थित नगर निगम के मार्केट के अंदर ओपन बार चलने की मौखिक शिकायत मिली है। इस मामले में नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

-दिनेश प्रताप सिंह, बाजार अधीक्षक नगर निगम

Created On :   27 July 2023 7:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story