जबलपुर: कमीशन के लिए नागरिकों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जल्द हटाए जाएँ खतरनाक यूनिपोल

कमीशन के लिए नागरिकों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जल्द हटाए जाएँ खतरनाक यूनिपोल
  • एनएसयूआई ने नगर निगम में किया प्रदर्शन, नारेबाजी, कहा- नियमों को ताक पर रख रहे अधिकारी
  • यूनिपोल लगाने में ट्रैफिक पुलिस से भी एनओसी नहीं ली गई।
  • एनएसयूआई के नेताओं ने कहा कि शहर में यूनिपोल लगाने की अनुमति देने में नियमों का खुला उल्लंघन किया गया है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर से खतरनाक यूनिपोल हटाने की माँग को लेकर बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी कमीशन के लिए नागरिकों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

पिछले महीने मुंबई में होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत से भी नगर निगम के अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया। शहर से जल्द ही नियम विरुद्ध और खतरनाक यूनिपोल हटाए जाने चाहिए। एनएसयूआई के नेताओं ने कहा कि शहर में यूनिपोल लगाने की अनुमति देने में नियमों का खुला उल्लंघन किया गया है।

मप्र आउटडोर विज्ञापन नियम-2017 के हर उस नियम का उल्लंघन किया गया, जिसका पालन करना अनिवार्य था। शहर में जगह-जगह हवा में झूलते हुए यूनिपोल लगाए गए हैं। आँधी-तूफान में यूनिपोल गिरकर तबाही मचाएँगे।

यूनिपोल लगाने में ट्रैफिक पुलिस से भी एनओसी नहीं ली गई। यूनिपोल की स्ट्रक्चरल जाँच भी नहीं कराई गई। एनएसयूआई के नेताओं ने आरोप लगाया कि महापौर ने पहली फाइल माँ नर्मदा में गंदे पानी को रोकने लिए साइन की थी।

दो साल बाद भी एसटीपी निर्माण का काम पूरा नहीं हो पाया। प्रदर्शन में राहुल रजक, सौरभ गौतम, करन तामसेतवार, सोनू गुप्ता, मनोज यादव, अयाज अंसारी, रिंकू कुशवाहा, दीपक चौधरी, सैमुअल सेवियर, पुष्पेन्द्र गौतम व अभिषेक दाहिया शामिल थे।

खतरनाक यूनिपोल को लेकर हर विभाग ने अपनी आँखें मूंद ली हैं। नगर निगम यूनिपोल लगाने में नागरिकों की जान से खिलवाड़ कर रहा है, इसके बाद भी ट्रैफिक पुलिस आपत्ति दर्ज नहीं करा रही है। आईपीसी में स्पष्ट प्रावधान होने के बाद भी मानव जीवन के लिए खतरनाक यूनिपोल पर पुलिस ने भी संज्ञान नहीं लिया। पुलिस को यूनिपोल लगाने वालों पर प्रकरण दर्ज करना चाहिए।

गोविंददास अहिरवार, अधिवक्ता

नगर निगम के अधिकारी नियमों का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। सड़कों पर ऐसे यूनिपोल लगाए गए हैं, जो आधी सड़क पर हवा में झूल रहे हैं। ऐसे यूनिपोल मामूली आँधी को भी सहन नहीं कर पाएँगे। मुंबई की घटना के बाद भी नगर निगम के अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया। नियम विरुद्ध यूनिपोल की अनुमति देने वाले अधिकारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करना चाहिए।

रविन्द्र श्रीवास्तव, अधिवक्ता

मुंबई में होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत के बाद देश भर में यूनिपोल और होर्डिंग की स्ट्रक्चरल जाँच की जा रही है। जबलपुर में जिम्मेदार अधिकारी यूनिपोल की स्ट्रक्चरल जाँच नहीं करा रहे हैं। यदि आँधी-तूफान में खतरनाक यूनिपोल गिरते हैं, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। बारिश के पूर्व शहर से खतरनाक यूनिपोल को हटाना चाहिए।

शिवप्रताप सिंह, अधिवक्ता

शहर में यूनिपोल लगाने की अनुमति देने में खुली मनमानी की गई है। कमीशन के चक्कर में नागरिकों की सुरक्षा को पूरी तरह से ताक पर रख दिया गया है। जगह-जगह हवा में झूलते हुए यूनिपोल लगाए गए हैं, जो बारिश के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। नगर निगम को नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए शहर से खतरनाक यूनिपोल जल्द हटाना चाहिए।

तरुण रोहिताश, अधिवक्ता

Created On :   20 Jun 2024 8:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story