- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नेता प्रतिपक्ष का चयन आज, कांग्रेस...
जबलपुर: नेता प्रतिपक्ष का चयन आज, कांग्रेस पार्षदों की बैठक लेंगे लोकसभा प्रभारी

- शहर कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा भी हो सकती है आज, दावेदारी को लेकर मचा घमासान
- कांग्रेस पार्षदों के बाद लोकसभा प्रभारी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे
- शहर कांग्रेस को लेकर भी कई नेताओं द्वारा दावेदारी की जा रही है।
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। महापौर व शहर कांग्रेस अध्यक्ष के भाजपा में जाने के बाद सत्ता से विपक्ष में आई कांग्रेस में नए अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को लेकर गहमागहमी बनी हुई है।
पिछले एक सप्ताह से अपनी-अपनी दावेदारी के लिए नेता दिल्ली-भोपाल की दौड़ लगा रहे हैं, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लोकसभा प्रभारी सुखदेव पांसे को नेता प्रतिपक्ष के चयन के लिए कांग्रेस पार्षदों से रायशुमारी की जिम्मेदारी सौंप दी थी जिसके तहत गुरुवार को श्री पांसे जबलपुर पहुँचेंगे और कांग्रेस पार्षदों के साथ बैठक करेंगे।
सूत्रों के अनुसार नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में कई नामों की चर्चा है, जिसकी वजह से बैठक में हंगामा होने की भी संभावना है। इसी तरह शहर कांग्रेस को लेकर भी कई नेताओं द्वारा दावेदारी की जा रही है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन की तरफ से शहर के वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी की जा चुकी है, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति न बनने के कारण घोषणा अटकी हुई है।
हालांकि गुरुवार का दिन कांग्रेस संगठन के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस पार्षदों के बाद लोकसभा प्रभारी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे जिसके बाद नए शहर अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है।
Created On :   15 Feb 2024 6:46 PM IST