जबलपुर: जबलपुर का संघर्ष रंग लाया, मुंबई की डेली फ्लाइट 1 जुलाई से

जबलपुर का संघर्ष रंग लाया, मुंबई की डेली फ्लाइट 1 जुलाई से
  • अगले तीन माह में बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे, कोलकाता उड़ान भी चालू होंगी, नो फ्लाइंग-डे फिर भी मनेगा
  • जबलपुर से मुंबई की एक बार फिर एयर कनेक्टिविटी जुड़ने जा रही है।
  • फ्लाइट को 1 अप्रैल से शुरू करने की घोषणा करते हुए बुकिंग वेबसाइट में भी दिखाया गया था

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। आखिरकार जबलपुरवासियों का संघर्ष रंग लाया। जबलपुर से मुंबई के लिए नियमित फ्लाइट 1 जुलाई से उड़ान भरेगी। इसकी घोषणा खुद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया एक्स (पुराने ट्विटर) पर की है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर से मुंबई की एक बार फिर एयर कनेक्टिविटी जुड़ने जा रही है। जिससे पर्यटन और व्यापार को नया आयाम मिलेगा। वहीं पूर्व सांसद व पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह के दिल्ली स्थित निवास में इंडिगो व स्पाइस जेट के प्रबंधन से चर्चा हुई।

जिसमें अगले तीन माह में बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे, काेलकाता की भी नियमित उड़ानें प्रारंभ किए जाने की चर्चा हुई। बता दें कि इंडिगो की जबलपुर-मुंबई-जबलपुर फ्लाइट 28 फरवरी को मुंबई में रि-कारपेटिंग के नाम पर बंद कर दी गई थी। जबलपुर की इस उपेक्षा के खिलाफ दैनिक भास्कर ने लगातार आवाज उठाई। जिसके बाद वायुसेवा संघर्ष समिति ने इसे जन आंदोलन का रूप दिया।

जबलपुर के सम्मान के लिए एकजुट हुआ शहर

पहले रि-कारपेटिंग के नाम पर बंद की गई इंडिगो की इस फ्लाइट को 1 अप्रैल से शुरू करने की घोषणा करते हुए बुकिंग वेबसाइट में भी दिखाया गया था, मगर फिर अचानक इसे समर शेड्यूल से भी अलग कर दिया गया।

जिससे शहर के वायु संघर्ष समिति, महाकौशल चेंबर ऑफ काॅमर्स, जबलपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स, महिला संगठन मावे के साथ महाकौशल व विंध्य के व्यापारिक संगठनों, चिकित्सक, अधिवक्ता वर्ग ने भी आक्रोश दिखाया और जबलपुर से मुंबई के लिए नियमित फ्लाइट चालू कराने पूरा शहर एकजुट हुआ।

नो फ्लाइंग-डे को मिल रहा समर्थन

वहीं दूसरी ओर वायु सेवा संघर्ष समिति द्वारा घोषित 6 जून नो फ्लाइंग-डे को लेकर काफी समर्थन मिल रहा है। समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने 1 जुलाई को घोषित मुंबई के लिए सीधी उड़ान पर केंद्रीय विमानन मंत्री श्री सिंधिया को धन्यवाद दिया है।

समिति के डाॅ. पीजी नाजपांडे, शंकर नाग्देव, हिमांशु राय, अभिषेक ध्यानी, मनु तिवारी, राजा सराफ, गीता शरत तिवारी, जितेंद्र पचौरी, बसंत घोड़ावत, दीपक सेठी, सोहन परोहा, शिशिर जैन, प्रिंस छाबड़ा सहित अन्य का कहना है कि आंदोलन सिर्फ मुंबई ही नहीं बल्कि बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे, कोलकाता आदि शहरों के लिए सीधी वायुसेवा के लिए है।

जब तक सभी फ्लाइटें चालू नहीं होंगी तब तक अभियान जारी रहेगा। नो फ्लाइंग-डे को लेकर भारत ही नहीं बल्कि जबलपुर से जुड़े हुए व्यक्ति जो विदेश में हैं उनसे भी व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।

विभिन्न कंपनियों के बुकिंग विंडो में आई फ्लाइट

इंडिगो की मुंबई के लिए 1 जुलाई से नियमित फ्लाइट विभिन्न कंपनियों के बुकिंग विंडो में दिखाई देने लगी है। वर्तमान में इस रूट पर फेयर 5 हजार 641 तक दिख रहा है। अभी तक हैदराबाद व अन्य रूट से मुंबई जाने के लिए 20 हजार रुपए से अधिक ही लग रहा था। यह फ्लाइट 1 जुलाई से 26 अक्टूबर तक समर शेड्यूल में दिख रही है।

पीडब्ल्यूडी मंत्री की दिल्ली में इंडिगो व स्पाइस जेट विमान कंपनियों के अधिकारियों से हुई चर्चा

स्पाइस जेट भी दिल्ली-मुंबई के लिए 3 माह में चालू करेगा नियमित उड़ानें

देश के प्रमुख शहरों मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता, पुणे के लिए नियमित उड़ानें प्रारंभ हों इसके लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने निजी एयर लाइंस कंपनियों के प्रतिनिधियों से दिल्ली स्थित निवास में चर्चा की।

यहाँ स्पाइस जेट के वाइस प्रेसिडेंट देवाशीष शाहा एवं इंडिगो एयरलाइंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजन मल्होत्रा व सीनियर मैनेजर पूनम पटोदिया से जबलपुर की एयर कनेक्टिविटी पर चर्चा की। श्री सिंह ने बताया कि चर्चा में स्पाइस जेट ने भी जबलपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए तीन माह में नियमित उड़ानें चालू करने का आश्वासन दिया है। श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर से देश के प्रमुख शहरों के लिए नियमित वायुसेवा हो इसके लिए उन्होंने हमेशा प्रयास किए हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

श्री सिंह ने बताया कि 2004 में जब सांसद बना तो जबलपुर में हवाई अड्डा तो था पर हवाई सेवाएँ नहीं थीं और उस समय कोई फ्लाइट अधिकतम समय के लिए चली तो वह 47 दिन ही चली। इसके बाद प्रयास किए गए, फिर डेक्कन, किंगफिशर और बाद में स्पाइस जेट, इंडिगो की वायु सेवाएँ प्रारम्भ हुईं।

यह माना जाता था कि आर्थिक रूप से यदि किसी शहर को आगे बढ़ना है तो देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जुड़ना होगा और इसके लिए पूर्व में और दो वर्ष पूर्व भी इंडिगो से चर्चा के बाद स्लॉट भी उपलब्ध कराए थे किन्तु कोरोना की वजह से फ्लाइट प्रारंभ नहीं हो सकी, जो बाद में प्रारंभ हुई और जबलपुर मुंबई से सीधे जुड़ गया।

इसी के साथ जबलपुर से दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे के लिए उड़ानें समय-समय पर प्रारंभ हुईं किंतु कुछ कारणों से एयर लाइन्स ने निजी व्यावसायिक कारणों से जबलपुर से कुछ उड़ानें बंद कर दीं।

श्री सिंह ने बताया कि जबलपुर से देश के प्रमुख शहरों के लिए नियमित वायुसेवा पुनः प्रारंभ हो इसके लिए दिल्ली में प्राइवेट एयरलाइंस के अधिकारियों से चर्चा कर बताया कि उड़ानें पुनः प्रारंभ करते हैं तो इसका लाभ जबलपुर के विकास में मिलेगा।

श्री सिंह ने यह भी कहा कि जबलपुर से प्रमुख शहरों के लिए नियमित वायुसेवा हो इसके लिए उन्होंने हमेशा प्रयास किए हैं और आगे भी जबलपुर के विकास के लिए यह प्रयास जारी रहेंगे, किंतु जबलपुर की एयर कनेक्टिविटी को आगे ले जाने के लिए आंदोलन नहीं, बल्कि जबलपुर के उचित व्यावसायिक प्रस्तुतिकरण की आवश्यकता है।

श्री सिंह ने बताया कि स्पाइस जेट एयरवेज के वाइस प्रेसिडेंट देवाशीष शाहा ने कहा कि स्पाइस जेट अगले तीन माह में स्पाइस जेट जबलपुर से दिल्ली और जबलपुर से मुंबई की नियमित उड़ानें प्रारंभ करेगा। इसी के साथ जबलपुर से बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता के लिए भी क्यू 400 विमान की नियमित उड़ान प्रारंभ होगी।

Created On :   29 May 2024 8:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story