- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पुल नंबर दो पर टूटे हाइट गेज का नया...
Jabalpur News: पुल नंबर दो पर टूटे हाइट गेज का नया स्ट्रक्चर लगाने दस घंटे किया मार्ग बंद

- सुबह से शाम तक लोग हुए परेशान, आधे मार्ग से वापस लौटने की मजबूरी
- हाइट गेज के टूटे स्ट्रक्चर को सुधारने के लिए रेलवे द्वारा मंगलवार की सुबह 9 बजे से सुधार कार्य प्रारंभ कराया गया।
- सुधार कार्य के बाद शाम 7 बजे आवागमन चालू किया गया।
Jabalpur News: रेलवे के पुल नंबर दो पर मंगलवार की सुबह से गार्डर के ऊपर स्ट्रक्चर लगाने का कार्य कराए जाने से सिविल लाइन की ओर जाने और उस तरफ से शहर की ओर आने वाला मार्ग करीब दस घंटे तक बंद रहा है। इससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों काे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और लोगों में आक्रोश भी देखा गया। लोगों का आक्रोश उस वक्त और बढ़ गया जब सिविल लाइन की ओर से आते हुए वाहन नेहरू नगर अन्ना बस्ती पहुंचे और यहां से उन्हें वापस लौटना पड़ा। रेलवे द्वारा मार्ग बंद किए जाने की पहले से सूचना जारी नहीं करने से यह स्थिति उत्पन्न हुई।
गौरतलब है कि सिविल लाइन से नागरथ चौक व रेलवे स्टेडियम होते हुए शहर की ओर आने व इस मार्ग से सिविल लाइन, सदर व बिलहरी की तरफ बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इस मार्ग पर सुबह से देर रात तक वाहनों का दबाव बना रहता है। इस लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है।
ट्रक फंसने से गिरा था स्ट्रक्चर- बताया जाता कि 12 फरवरी को इस हाइट गेज से निकलने के दौरान एक ट्रक फंस गया था, जिससे इसका काफी बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया था। उस दौरान रेलवे द्वारा दो गार्डर लगाकर कुछ हिस्से का सुधार किया गया और यातायात प्रारंभ करा दिया गया था। मगर यह सुधार पूरी तरह से स्थाई नहीं था, जिसके चलते दुर्घटना की संभावना बनी हुई थी।
सुबह 9 बजे से शुरू किया काम शाम तक जारी रहा
इस हाइट गेज के टूटे स्ट्रक्चर को सुधारने के लिए रेलवे द्वारा मंगलवार की सुबह 9 बजे से सुधार कार्य प्रारंभ कराया गया। इस दौरान नेहरू नगर और दूसरी ओर पुल के समीप बेरिकेड्स लगाकर मार्ग को बंद किया गया था। सिविल लाइन की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर यात्री निवास के सामने वाली गली से रवाना किया गया। सुधार कार्य के बाद शाम 7 बजे आवागमन चालू किया गया।
Created On :   19 Feb 2025 7:22 PM IST