Jabalpur News: सरकारी जमीन पर खेती करने वालों से प्रति एकड़ 10 हजार होगी वसूली

  • राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
  • नामांतरण के प्रकरणों में भी भूखंड धारकों से भू-भाटक की बकाया वसूल करने पर जोर दिया।
  • राजस्व अधिकारियों को राजस्व की विभिन्न मदों के साथ-साथ अब अर्थदंड वसूली पर भी ध्यान देना होगा।

Jabalpur News: सरकारी जमीन पर कब्जा कर खेती करने वालों के साथ अब प्रशासन सख्ती के साथ पेश आएगा। उनसे प्रति एकड़ 10 हजार रुपयों का अर्थदंड वसूला जाएगा और यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उस अनुपात में फसल राजसात कर ली जाएगी। उपरोक्त निर्देश कलेक्टर दीपक सक्सेना ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर मिशा सिंह एवं नाथूराम गोंड भी मौजूद थे। कलेक्टर ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुये बड़े बकायादारों से वसूली में सख्ती बरतने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों को राजस्व की विभिन्न मदों के साथ-साथ अब अर्थदंड वसूली पर भी ध्यान देना होगा।

कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में भी बिना डायवर्सन और बिना विधिवत अनुमति के बन रहीं कॉलोनियों के मामलों में कॉलोनाइजर्स से अर्थदंड वसूल करने के निर्देश दिये, साथ ही नामांतरण के प्रकरणों में भी भूखंड धारकों से भू-भाटक की बकाया वसूल करने पर जोर दिया।

कलेक्टर श्री सक्सेना ने नामांतरण, बँटवारा और सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण में भी गति लाने के निर्देश दिये गये।

Created On :   8 Oct 2024 1:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story