- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अराजक यातायात, मनमर्जी से पार कर...
Jabalpur News: अराजक यातायात, मनमर्जी से पार कर रहे चौराहा

- गोहलपुर चौक पर ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से फंस रहे वाहन, परेशान हो रहे चालक
- अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक सिग्नल को चालू कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है।
- नगर निगम, यातायात विभाग और स्मार्ट सिटी यहां ट्रैफिक के सुधार के लिए ठोस कदम उठाएं।
Jabalpur News: शहर के अतिव्यस्त चौराहों में शामिल गोहलपुर चौराहे के हालात लोगों को हैरान कर रहे हैं। यहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। लेकिन चौराहे का यातायात सांप-सीढ़ी के खेल जैसा हो गया है। चौराहे का ट्रैफिक सिग्नल महीनों से बंद है। स्थिति जिसकी जहां से मर्जी वहां से वाहन क्रॉस कर रहा है। ऐसे में हर दो मिनट में यहां वाहन आपस में फंस जाते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
चौराहे पर अवैध कब्जों की भरमार है जिसके कारण चौड़ी सड़क भी संकरी नजर आती है। इस अराजकता के चलते इस चौराहे से निकलने वाले सैकड़ों नागरिक परेशान हैं। क्षेत्रीय नागरिकों की मांग है कि चौराहे का ट्रैफिक सिग्नल जल्द चालू किया जाए। नगर निगम, यातायात विभाग और स्मार्ट सिटी यहां ट्रैफिक के सुधार के लिए ठोस कदम उठाएं।
सड़क तक फैल गए अवैध कब्जे
गोहलपुर चौक से खजरी-खिरिया बाईपास, मिलौनीगंज, रद्दी चौकी और दमोह नाका की ओर जाने वाले मार्गों पर चारों तरफ अवैध कब्जे हो गए हैं। सड़क किनारे जमे ठेले-टपरों की वजह से चौराहे पर अराजकता का माहौल है। जिसके चलते यहां से निकलना बेहद कठिन हो गया है। शाम के वक्त पीक आॅवर्स में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इस अराजकता के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम के जिम्मेदार बनाएं ठोस रणनीति
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि चौराहों पर व्याप्त समस्याओं के निदान के लिए नगर निगम को ठोस रणनीति बनानी चाहिए। अगर नगर निगम ऐसा करे तभी चौराहे के यातायात को सुगम बनाया जा सकता है।
शुरू किया जाए ट्रैफिक सिग्नल, हटाए जाएं अतिक्रमण
चौराहे की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए यहां ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया था लेकिन बीते कई माह से सिग्नल बंद है। सबसे पहले चौराहे का ट्रैफिक सिग्नल सुधारा जाए और उसके साथ ही यहां पर काबिज अवैध कब्जों को हटाया जाए।
गोहलपुर चौक पर अतिक्रमण और ट्रैफिक सिग्नल बंद होने की वजह से परेशानी हो रही है। अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक सिग्नल को चालू कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है।
- सोनाली दुबे, एएसपी ट्रैफिक
Created On :   20 Feb 2025 5:57 PM IST