- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भोपाल में...
Jabalpur News: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भोपाल में प्रदेश सरकार से होगा 3 हजार करोड़ का अनुबंध

- जबलपुर में फिल्म सिटी बनने की खुली राह
- सिर्फ जबलपुर में दो वर्ष में पचास से अधिक फिल्मों का निर्माण हुआ।
- पर्यटन विकास और फिल्म सिटी नगर को देश में नई पहचान दिलाएंगे।
Jabalpur News: जबलपुर में फिल्म सिटी बनने का रास्ता साफ हो गया है। इसके जरिए करीब 80 हजार से लेकर एक लाख युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। 24 और 25 फरवरी को भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआईसी) में जबलपुर की बियोंड स्टूडियोज का प्रदेश सरकार के साथ 3000 करोड़ रुपए का अनुबंध हो रहा है। एंटरटेनमेंट का नया हब बन रहे प्रदेश में कई स्थल फिल्म निर्माताओं की पसंद बन गए हैं।
इनमें भोपाल, चंदेरी और जबलपुर में पिछले कुछ वर्षों में कई फिल्में बनी हैं। सिर्फ जबलपुर में दो वर्ष में पचास से अधिक फिल्मों का निर्माण हुआ। तेलुगु सिनेमा जगत के निर्माताओं को जबलपुर की लोकेशंस में दिलचस्पी है। जबलपुर में फिल्म सिटी बना रहे बियोंड स्टूडियोज के प्रयास पर कलेक्ट्रेट के निवेश प्रोत्साहन केंद्र में जबलपुर पुरातत्व पर्यटन परिषद (जेएटीसीसी) की ओर से परिचर्चा आयोजित की गई।
फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे से बातचीत के दौरान जेएटीसीसी के सीईओ हेमंत सिंह ने बताया कि जबलपुर में फिल्म सिटी की परिकल्पना को लेकर कार्य लंबे समय से चल रहा था जिसे बियोंड स्टूडियो ने साकार किया।
जबलपुर की होगी ब्रांडिंग
वरिष्ठ चिकित्सक और जबलपुर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. राजेश धीरवानी ने कहा कि फिल्म सिटी के निर्माण से जबलपुर की ब्रांडिंग होगी। मनोरंजन के साधनों की कमी के कारण बच्चे बाहर जा रहे हैं, कुछ इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप हो जाए तो यहां रोजगार मिल सकेगा। फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर टूरिस्ट इन ट्रांजिट बनकर रह गया था, अब पर्यटन विकास और फिल्म सिटी नगर को देश में नई पहचान दिलाएंगे। नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि निगम ने एशिया का सबसे बड़ा अर्बन फॉरेस्ट विकसित कर दिया है, अब इसका उपयोग फिल्म निर्माण के लिए भी कर सकते हैं।
दो साल में पचास फिल्मों की शूटिंग
उन्होंने बताया कि यहां पर दो वर्षों में लगभग पचास फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। फिल्म निर्माताओं का जबलपुर में बढ़ रहा विश्वास, उन्होंने कहा कि जीआईएस में बियोंड स्टूडियोज करार कर रहा है। जबलपुर कला के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता है।
Created On :   19 Feb 2025 1:14 PM IST