- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बिजली का तार लपेट कर लेटा किसान,...
बिजली का तार लपेट कर लेटा किसान, करंट दौड़ते ही हुई मौत

डिजिटल डेस्क जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम चपोद में एक 37 वर्षीय किसान द्वारा आत्महत्या करने के तरीके को सुनकर पूरे गाँव में सनसनी फैल गई। आत्महत्या करने के लिए किसान अपने खेत पहुँचा वहाँ पर नलकूप का तार छीला, फिर उसे हाथ में लपेट कर लेट गया। जैसे ही बिजली आई तार में करंट दौड़ी और किसान को जोरदार झटका लगा व उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। उधर घटना की जानकारी लगने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जिसने भी घटना सुनी वह हैरान रह गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चपोद निवासी रामचरण नामदेव का पुत्र प्रमोद नामदेव किसानी करता था। बुधवार की सुबह 11 बजे के करीब वह अपने पिता से खेत जाने की बात कहकर घर से निकला। जब वह खेत पहुँचा तो वहाँ बिजली गुल थी। उसके बाद उसने नलकूप की तार को निकाला और उसे छीला, फिर तार को अपने हाथ में लपेट कर वहीं लेट गया। जैसे विद्युत सप्लाई चालू हुई प्रमोद को जोरदार करंट लगा और उसकी मौत हो गई। उधर प्रमोद के वापस घर नहीं लौटने पर उसके पिता उसकी तलाश करने खेत पहुँचे। खेत पर तलाशी के दौरान उन्हें पंप के पास बेटा प्रमोद लेटा हुआ नजर आया। जैसे ही वह उसके समीप पहुँचे तो चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण पहुँचे और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है, जिसकी जाँच की जा रही है।
विद्युुत सप्लाई बंद करवाई
प्रमोद के हाथ में करंट दौड़ता तार लिपटा हुआ देख ग्रामीणों ने विद्युत कर्मियों को बुलाया और क्षेत्र की सप्लाई बंद कराई। विद्युत सप्लाई बंद होने के बाद प्रमोद को वहाँ से हटाया गया। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से कटे हुए तार आदि बरामद कर शव को पीएम के लिए भेजा। पीएम के बाद गुरुवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।
कारणों का खुलासा नहीं
किसान द्वारा आत्महत्या क्यों की गई इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार उसकी पत्नी बच्चों को लेकर रक्षाबंधन पर्व पर अपने मायके गई थी। पत्नी के मायके से लौटने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएँगे। वहीं टीआई सुरेंद्र सिंह का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने जाँच की जा रही है।
Created On :   31 Aug 2023 11:25 PM IST