जबलपुर: जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव आज, मैदान में 74 उम्मीदवार

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव आज, मैदान में 74 उम्मीदवार
  • मतगणना कल, 52 मतदान केन्द्रों पर वोट डालेंगे 2945 अधिवक्ता
  • दिव्यांग अधिवक्ताओं के लिए व्हील-चेयर के साथ ही अलग से मतदान की व्यवस्था की गई है।
  • मतदान के लिए अधिवक्ताओं को गणवेश में आना अनिवार्य होगा।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए सोमवार 18 मार्च को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मतदान किया जाएगा। चुनाव में 2945 अधिवक्ता 52 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

मतगणना 19 मार्च को सुबह 10 बजे से की जाएगी। जिला अदालत परिसर में आयोजित पत्रकार-वार्ता में मुख्य चुनाव अधिकारी संपूर्ण तिवारी और उप-मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश तिवारी ने बताया कि चुनाव में 74 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

अध्यक्ष पद के लिए 4, उपाध्यक्ष पुरुष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष महिला पद के लिए 3, सचिव पद के लिए 7, सह-सचिव पद के लिए 5, कोषाध्यक्ष पद के लिए 5, पुस्तकालय सचिव पद के लिए 7 और कार्यकारिणी के लिए 7 पदों के लिए 38 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

8 सीसीटीवी कैमरे और दो बड़ी स्क्रीन लगेंगी

चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 9 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके साथ ही दो बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। मतदाता गेट नंबर-4 से प्रवेश करेंगे और गेट नंबर-3 से बाहर निकलेंगे। वरिष्ठ, अस्वस्थ और दिव्यांग अधिवक्ताओं के लिए व्हील-चेयर के साथ ही अलग से मतदान की व्यवस्था की गई है।

मतदान कक्ष में मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित

मतदान के लिए अधिवक्ताओं को गणवेश में आना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही मतदान कक्ष में मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित होगा। मतदान के लिए आधार कार्ड या अधिवक्ता आईडी लाना अनिवार्य किया गया है।

पत्रकार-वार्ता में चुनाव समिति के एनबी गुरुंग, अर्पित तिवारी, तरुण रोहिताश, रजनीश उपाध्याय, राजू बर्मन, उमाशंकर रावत, अजय प्रजापति, संतोष अय्यर, गोविंद अहिरवार एवं विशाल मौर्य मौजूद थे।

Created On :   18 March 2024 10:07 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story