Jabalpur News: बारात में नाचने को लेकर विवाद, चाकू से हमला कर युवक की हत्या

बारात में नाचने को लेकर विवाद, चाकू से हमला कर युवक की हत्या
गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित शक्ति नगर में घटना, आरोपी सगे भाई गिरफ्तार

Jabalpur News । गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित शक्ति नगर में मंगलवार की रात आयोजित एक विवाह समारोह में नाचने की बात को लेकर हुए विवाद के चलते सगे भाइयों ने मिलकर एक बाराती पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को मरणासन्न हालत में इलाज के लिए मेडिकल पहुंचाया गया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात अधारताल क्षेत्र से एक बारात शक्ति नगर गई थी। बारात में शामिल होने के लिए अधारताल गायत्री नगर निवासी अभिषेक रजक उम्र 19 वर्ष अपने भाई अजय रजक व रिश्तेदारों के साथ पहुंचा था। बारात लगने के बाद आयोजन स्थल पर लगे डीजे पर बाराती डांस कर रहे थे। वहीं वधू पक्ष की ओर से करण रजक और उसका भाई अर्जुन रजक भी डांस कर रहे थे। डांस करते समय उन्हें किसी बाराती का धक्का लग गया। जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद होता देख बाराती अभिषेक बीच बचाव करने पहुंचा तो करण और अर्जुन ने चाकू निकालकर उस पर दनादन कई वार किए और चाकू चमकाते हुए भाग गए। उधर घायल को इलाज के लिए मेडिकल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। देर रात पुलिस ने शारदा चौक गढ़ा निवासी आरोपियों करण रजक एवं अर्जुन रजक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।

कार्यक्रम स्थल पर मची अफरा-तफरी

चाकूबाजी की घटना से बारात समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल निर्मित हो गया। बारातियों को जब घटना की जानकारी लगी तो तत्काल घायल को अस्पताल रवाना किया गया। वहीं कार्यक्रम स्थल पर सन्नाटा पसर गया। युवक की मौत के बाद किसी तरह िववाह की रस्म पूरी की गई।

नहीं थम रहीं चाकूबाजी की घटनाएं

शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थम नजर नहीं आ रही हैं। सोमवार की रात कैंट थाना क्षेत्र में भी बरगी के सगड़ा झपनी निवासी पप्पू उर्फ नंदलाल लोधी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को हुए 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि मंगलवार की रात शक्ति नगर क्षेत्र में अभिषेक रजक की चाकूबाजी में जान चली गई।

Created On :   19 Feb 2025 10:27 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story