टेस्ला कार: Tesla Cybertruck सूरत की सड़कों पर आया नजर, जानिए कैसे पहुंचा भारत और क्या हैं इसकी खूबियां

- साइबरट्रक को सूरत के बिजनेसमैन ने खरीदा है
- टेस्ला साइबरट्रक को दुबई पासिंग से मंगवाया है
- टेस्ला साइबरट्रक मुंबई से होते हुए सूरत पहुंचा है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) निर्माता कंपनी टेस्ला (Tesla) का साइबरट्रक (Cybertruck) काफी पॉपुलर है। इस ईवी को हाल ही में भारत के डायमंड सिटी के नाम से मशहूर सूरत में देखा गया है। टेस्ला साइबरट्रक को कुछ दिन पहले एक लॉरी के ऊपर लोड हुआ देखा गया था और अनुमान लगाया जा रहा था कि इसे भारत लाया जा रहा है। वहीं अब इसे गुजरात की सड़क पर दौड़ते हुए देख वहां के लोग हैरान रह गए। इस ट्रक को किसने खरीदा है? किस तरह यह भारत पहुंचा और क्या हैं इसकी कीमत और खूबियां? आइए जानते हैं...
गुजरात में कैसे आया साइबरट्रक?
इलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला का साइबरट्रक को सूरत के करोड़पतियों में से एक लवजी बादशाह ने खरीदा है। वे कारों के काफी शौकीन हैं और उन्होंने इस पर अपने घर का नाम 'गोपिन' भी लिखवाया है। बता दें कि, उनका असली नाम लवजी दलिया है और वे एक रियल एस्टेट डेवलपर और गोपिन ग्रुप के प्रमोटर हैं। यह भारत का पहला सायबर ट्रक है।
टेस्ला साइबरट्रक कैसे पहुंचा भारत?
लवजी बादशाह ने इस टेस्ला साइबरट्रक को दुबई पासिंग से मंगवाया है, जो मुंबई से होते हुए सूरत पहुंचा। दलिया के सबसे बड़े बेटे पीयूष ने मीडिया को बताया कि, उन्होंने छह महीने पहले अमेरिका के टेक्सास में टेस्ला शोरूम में इस कार को बुक किया था। सभी प्रॉपर प्रोड्यूसर के बाद, कुछ दिन पहले डिलीवरी मिली। इसके बाद साइबरट्रक को दुबई ले जाया गया और वहां रोड रजिस्ट्रेशन कराया गया। आखिर में समुद्री मार्ग से साइबर ट्रक को भारत लाया गया।
कितनी है कीमत और क्या हैं खूबियां?
साइबरट्रक की बेस कीमत 70,000 डॉलर या लगभग 60 लाख रुपए है। बात करें खूबियों की तो इसमें बॉक्सी डिजाइन देखने को मिलता है और कंपनी ने बॉडी पैनल के लिए स्टेनलेस स्टील सुपर एलॉय मेटल डेवलप किया है। ये बुलेट प्रूफ भी है। इसकी लंबाई 5,681 मिमी, चौड़ाई 2,200 मिमी, ऊंचाई 1,793 मिमी है और इसमें एक्सट्रैक्ट मोड में इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 406 मिमी मिलता है।
एक्सटीरियर में एक बड़ा फ्रंट विंडशील्ड, एक पूरी चौड़ाई वाली एलईडी लाइट बार मिलती है। इसके अलावा इसमें फ्लेयर्ड व्हील आर्च, एक सिंगल-पीस फ्रंट विंडशील्ड, विशाल एलॉय व्हील, पीछे एक लोड बेड दी गई है। इसमें पावर्ड टोन्यू कवर है। इसमें बुलेट-प्रूफ बाहरी बॉडी पैनल आदि मिलते हैं।
बात करें इंटीरियर की तो इसके डैशबोर्ड के सेंटर में 18.5-इंच की बड़ी टचस्क्रीन डिस्प्ले है। स्टीयरिंग व्हील टिपिकल टेस्ला कारों जैसा ही स्क्वायर शेप में है। इसमें चाइल्ड लॉक, हेडलैंप, सेंट्री मोड, कार वॉश मोड और कुछ अन्य कंट्रोलर भी मिलते हैं। रियर पैसेंजर के लिए भी 9.4-इंच की टचस्क्रीन दी है। इसकी बैटरी की कैपेसिटी 124 kWh तक जाती है और AWD की पीक पावर 600 bhp तक जा सकती है। फल चार्ज होने के बाद यह 563 किमी तक की रेंज प्रदान करती है।
Created On :   26 April 2025 3:01 PM IST