Leapmotor Car: भारतीय बाजार में जल्द एंट्री लेगी ये चीनी ऑटो कंपनी, जीप और सिट्रोन की बिक्री करने वाली Stellantis ने की घोषणा

भारतीय बाजार में जल्द एंट्री लेगी ये चीनी ऑटो कंपनी, जीप और सिट्रोन की बिक्री करने वाली Stellantis ने की घोषणा
  • Stellantis ने की Leapmotor के एंट्री की घोषणा
  • 23 देशों में इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेचती है Leapmotor
  • Leapmotor T03, C10 और B10 हो सकती हैं लॉन्च

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पेट्रोल- डीजल की भारी कीमत और पर्यावरण प्रदूषण से निजात दिलाने में इलेक्ट्रिक वाहनों की अहम भूमिका है। ऐसे में देश और दुनिया की ऑटो सेक्टर की कंपनियां एक से बढ़कर एक वाहन बाजार में उतार रही हैं। भारतीय बाजार में दुनियाभर की कंपनियों ने अपनी ईवी कारों को पेश किया है, इनमें एक नाम चीनी कार निर्माता कंपनी बिल्ड योर ड्रीम (BYD) का भी शामिल है। लेकिन देश में जल्द ही एक और चीनी ईवी निर्माता की एंट्री होने वाली है। इसकी घोषणा भारतीय बाजार में जीप और सिट्रोन की गाड़ियों की बिक्री करने वाली कंपनी स्टेलेंटिस (Stellantis) ने की है।

घोषणा के अनुसार, चीन की एक और इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी लीपमोटर (Leapmotor) जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक कारों को लॉन्च करेगी। लीपमोटर के आने से स्टेलेंटिस भारत में अपनी इलेक्ट्रिक वीइकल (EV) पोर्टफोलियो को आगे बढ़ाएगी।

Leapmotor इन देशों में बेचती है कार

लीपमोटर 23 देशों में इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेचती है। इन देशों में ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, न्यूजीलैंड, रोमानिया, फ्रांस, इटली, थाईलैंड, मलेशिया और नेपाल जैसे देश शामिल है। कहा जा रहा है कि, जल्द ही भारत का नाम भी इस लिस्ट में शामिल होने वाला है।

कौन सी कार हो सकती हैं लॉन्च?

Leapmotor भारतीय बाजार में एंट्री के साथ ही अपनी तीन इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर सकती है। इनमें T03 कॉम्पैक्ट हैचबैक, फ्लैगशिप एसयूवी C10 और B10 शामिल हो सकती हैं। इनमें से Leapmotor T03 एक छोटी ईवी है। इसमें 37.3 kWh की बैटरी दी गई है, जिसे 30 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में सिर्फ 36 मिनट लगते हैं। इसका इलेक्ट्रिक मोटर करीब 95 hp की पावर देता है। यह इलेक्ट्रिक कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 12.7 सेकंड में पकड़ सकती है।WLTP द्वारा दावा की गई रेंज एक बार चार्ज करने पर 265 किमी है।

Leapmotor C10 और B10

C10 एक इलेक्ट्रिक एसयूवी है और इसमें 69.9 kWh की बैटरी मिलती है जो एक बार चार्ज करने पर WLTP द्वारा दावा की गई 423 किलोमीटर की रेंज प्रदान कर सकती है। इसे 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में सिर्फ 30 मिनट लगते हैं। इस एसयूवी में करीब 215 bhp की पावर मिलती है। जबकि, Leapmotor B10 में 56.2 kWh बैटरी पैक मिलता है। बेस मॉडल छोटी बैटरी के साथ 132 kW (177 hp) मोटर का उपयोग करता है, जबकि अन्य मॉडल 56.2 kWh या 67.1 kWh बैटरी के साथ 160 kW (215 hp) मोटर का उपयोग करते हैं। फल चार्ज पर यह 510 किमी (317 मील) और 67.1 kWh बैटरी पैक के साथ 600 किमी (373 मील) की रेंज प्रदान करता है।

Created On :   26 April 2025 6:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story