आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू 12 जून को सीएम पद की शपथ लेंगे, चौथी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

  • भाई-बहन की लड़ाई में मिला बहुमत
  • 12 जून को सीएम पद की शपथ
  • चंद्रबाबू नायडू चौथी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-06 12:33 GMT

डिजिटल डेस्क, अमरावती. तेलुगु देशम पार्टी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू 12 जून को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह अमरावती में होगा। इसमें नरेंद्र मोदी और नए केंद्रीय कैबिनेट के कई मंत्री शामिल होंगे। नायडू का शपथ समारोह पहले 9 जून को होने वाला था। हालांकि, मोदी के शपथ समारोह के चलते इसे टाल दिया गया। चंद्रबाबू नायडू चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे है।

इससे पहले उन्होंने 1 सितंबर 1995, 11 अक्टूबर 1999 और 8 जून 2014 को तीन बार सीएम पद की शपथ ली थी। 2019 में वायरएसआरसीपी अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी ने जीत दर्ज कर उनसे सत्ता छीनी थी। नायडू शपथ ग्रहण के दिन अमरावती को राज्य की राजधानी बनाने का ऐलान कर सकते हैं। 2 जून को हैदराबाद को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की संयुक्त राजधानी रखने के लिए 10 साल का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया। अभी आंध्र देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसकी कोई राजधानी नहीं है।

भाई-बहन की लड़ाई में मिला बहुमत

2024 विधानसभा चुनाव में एनडीए ने आंध्र प्रदेश में भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। विधानसभा की 175 सीटों में से नायडू की तेदेपा को 135, पवन कल्याण की जनसेना को 21 और भाजपा को 8 सीटें मिली हैं। तीनों गठबंधन में हैं। जगन मोहन रेड्डी की वायरएसआरसीपी को केवल 11 सीटों मिलीं। कांग्रेस राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल सकी।

इस बार जगन मोहन रेड्डी की बहन वाई एस शर्मिला रेड्डी राज्य में कांग्रेस की अगुआई कर रही थीं। वे आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस के पारंपरिक वोटर्स भाई-बहन की पार्टी में बंट गए। कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ नहीं था, लेकिन वायरएसआरसीपी को इसका नुकसान हुआ और भाई-बहन की लड़ाई में सीधा फायदा तेदेपा को हुआ।



Tags:    

Similar News