समुद्र मार्ग से यात्रा: भारतीय नौ सेना की दो महिला अधिकारी INSV तारिणी से समुद्र मार्ग से पूरी दुनिया का चक्कर लगाएंगीं

  • समुद्र में नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन
  • पिछले तीन साल से सागर परिक्रमा अभियान की तैयारी में जुटी अधिकारी
  • गोल्डन ग्लोब रेस के हीरो सेवानिवृत्त कमांडर अभिलाष टॉमी के नेतृत्व में कठोर प्रशिक्षण

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-15 10:20 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय नौ सेना की दो महिला अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए सागर की यात्रा पर जाएगी। दोनों नौ सेना अधिकारी INSV तारिणी से समुद्र मार्ग से पूरी दुनिया का चक्कर लगाएंगीं। नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों महिला अधिकारी पिछले तीन साल से सागर परिक्रमा अभियान की तैयारी में जुटी हुई हैं।  भारतीय नौसेना के अनुसार अभियान साबित करता है कि समुद्र में नारी शक्ति भी अपना प्रभुत्व स्थापित कर रही है।

नौ सेना के मुताबिक पिछले साल छह सदस्यीय दल में शामिल रहकर दोनों अधिकारियों ने गोवा से केप टाउन होते हुए रियो डी जनेरियो और वापस ट्रांस-महासागरीय अभियान में हिस्सा लिया था। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने गोवा से पोर्ट ब्लेयर तक और वापस डबल हैंडेड मोड में नौकायन अभियान चलाया था। साथ ही दोनों ने डबल हैंडेड मोड में गोवा से पोर्ट लुइस, मॉरीशस तक सफल यात्रा की थी। नौसेना ने कहा कि आईएनएसवी तारिणी ने समुद्री क्षेत्र में 'नारी शक्ति' का प्रदर्शन किया है और इससे देश की महिलाओं को भारतीय नौसेना के साथ काम करने की प्रेरणा मिलती है।

 कमांडर मधवाल ने आगे बताया है कि दोनों अधिकारी गोल्डन ग्लोब रेस के हीरो सेवानिवृत्त कमांडर अभिलाष टॉमी के नेतृत्व में कठोर प्रशिक्षण लेकर हजारों मील का अनुभव प्राप्त कर रही हैं। दोनों को कठिन यात्रा में अत्यधिक कौशल, शारीरिक फिटनेस और मानसिक सतर्कता की जरूरत होगी।

Tags:    

Similar News